विज्ञापन
This Article is From Feb 13, 2011

पोंटिंग ही नहीं, धोनी को भी नहीं भाया विकेट

ऑस्ट्रेलियाई रिकी पोंटिंग ही नहीं बल्कि भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भी चिन्नास्वामी स्टेडियम के विकेट से खुश नहीं दिखे।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
बेंगलुरु: ऑस्ट्रेलियाई रिकी पोंटिंग ही नहीं बल्कि भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भी चिन्नास्वामी स्टेडियम के विकेट से खुश नहीं दिखे, जिस पर भारत ने विश्व कप अभ्यास मैच में स्पिनरों के कमाल से 38 रन से जीत दर्ज की। धोनी ने कहा कि विकेट काफी टर्न ले रहा था और विश्व कप के लिए ऐसे विकेट तैयार किए जाने चाहिए, जिनमें कम टर्न हो। उन्होंने कहा, इस तरह के विकेट पर 230 रन से अधिक का योग हासिल करना काफी मुश्किल होगा। मुझे खुशी होगी यदि भविष्य के मैचों में विकेट कुछ कम टर्न लेगा। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पोंटिंग ने भी आशा जताई कि टूर्नामेंट के बाद इससे बेहतर विकेट देखने को मिलेंगे। उन्होंने कहा, इस विकेट पर बल्लेबाजी करना बहुत मुश्किल था। दूसरी पारी में यह बहुत स्पिन ले रहा था। आशा है कि टूर्नामेंट शुरू होने के बाद हमें इससे बेहतर विकेट मिलेंगे। यह विकेट ऐसा लग रहा था जैसे कि पूरी तरह से तैयार नहीं किया गया है। भारतीय कप्तान धोनी ने हालांकि जीत का श्रेय स्पिनरों विशेषकर पीयूष चावला और हरभजन सिंह को दिया, जिन्होंने क्रमश: चार और तीन विकेट लिए। उन्होंने कहा, गुगली पीयूष का मुख्य हथियार है और आजकल हम देख रहे हैं अंपायर पगबाधा के भी अधिक फैसले दे रहे हैं। वह कई गेंद को टर्न करा लेता है...। धोनी ने हालांकि अपने खिलाड़ियों को आगाह किया कि वह इस जीत से बहुत अधिक नहीं इतराएं। उन्होंने कहा, इन अभ्यास मैच में जीत दर्ज करने से कुछ नहीं होगा। असली परीक्षा तो टूर्नामेंट शुरू होने के बाद होगी।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
क्रिकेट, विश्व कप, धोनी, पोटिंग, चिन्नास्वामी स्टेडियम
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com