विज्ञापन
This Article is From Feb 24, 2011

पहले बड़े मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने मारी बाजी

दक्षिण अफ्रीका ने विश्व कप के पहले बड़े मुकाबले में बृहस्पतिवार को वेस्टइंडीज को 43 गेंद शेष रहते हुए सात विकेट से हरा दिया।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली: ग्रीम स्मिथ के छुपे रुस्तम इमरान ताहिर की कलाईयों के जादू और एबी डिविलियर्स के बल्ले के धमाल से दक्षिण अफ्रीका ने विश्व कप के पहले बड़े मुकाबले में बृहस्पतिवार को वेस्टइंडीज को 43 गेंद शेष रहते हुए सात विकेट से हरा दिया। जब सभी की निगाहें फिरोजशाह कोटला की पिच पर टिकी थी तब पाकिस्तान में जन्में ताहिर ने अपने पहले अंतरराष्ट्रीय मैच में ही 41 रन देकर चार विकेट लेकर कैरेबियाई टीम को झकझोर दिया। डेल स्टेन ने 24 रन के एवज में तीन विकेट लेकर उनका पूरा साथ दिया। वेस्टइंडीज की तरफ से डेरेन ब्रावो ने 71, उनके बड़े भाई ड्वेन ब्रावो ने 40 और डेवोन स्मिथ ने 36 रन बनाये लेकिन अंतिम पांच विकेट 13 रन के अंदर गवांने से उसकी टीम 47.3 ओवर में 222 रन पर सिमट गई। दक्षिण अफ्रीका के भी दो विकेट 20 रन पर निकल गये थे लेकिन डिविलियर्स ने 105 गेंद पर नाबाद 107 रन की बेजोड़ पारी खेली और इस बीच कप्तान स्मिथ :78 गेंद पर 45 रन: के साथ तीसरे विकेट के लिये 119 रन और जीन पाल डुमिनी : नाबाद 42 : के साथ चौथे विकेट के लिये 84 रन की अटूट साझेदारी की। दक्षिण अफ्रीका ने 42.5 ओवर में तीन विकेट पर 223 रन बनाकर दसवें विश्व कप में शानदार शुरुआत की। दोनों टीमों के कप्तानों ने स्पिनरों से गेंदबाजी आगाज कराया। स्मिथ ने जोहान बोथा :48 रन पर दो विकेट: को आजमाया तो डेरेन सैमी ने यही जिम्मा सुलेमान बेन :51 रन पर एक विकेट: को सौंपा। वेस्टइंडीज ने पहले पांच ओवर में बेहतरीन फार्म में चल रहे हाशिम अमला :14: और अनुभवी जाक कैलिस :04: को आउट करके मैच को जीवंत बनाया, लेकिन जल्द ही दक्षिण अफ्रीका ने अपना दबदबा बना दिया। अमला यदि विकेटकीपर डेवोन थामस के एक हाथ से लिये गये बेहतरीन कैच का शिकार बने तो बेन ने कैलिस को स्लिप में सैमी के हाथों कैच कराया। डिविलियर्स ने शुरू में आक्रामक तेवर दिखाये तथा रोच के ओवर में तीन चौके जड़कर शुरुआत की जबकि स्मिथ ने उनके साथ पारी संवारने का अच्छी तरह से बीड़ा उठाया। इस बीच वेस्टइंडीज को ड्वेन ब्रावो के चोटिल होने से करारा झटका लगा जो अपने तीसरे ओवर की पहली गेंद करने के दौरान फिसल गये और उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा। वेस्टइंडीज का क्षेत्ररक्षण बहुत खराब रहा और उसने न सिर्फ कैच टपकाये बल्कि रन आउट के मौके भी गंवाए। स्मिथ और डिविलियर्स इसका फायदा उठाकर टीम पर से दबाव हटाने में सफल रहे। विशेषकर डिविलियर्स ने मनमाफिक रन बटोरे और अपनी पारी में आठ चौके और दो छक्के लगाए। पोलार्ड ने स्मिथ को बोल्ड करके वेस्टइंडीज को तीसरा विकेट दिलाया लेकिन तब तक दक्षिण अफ्रीका संकट से बाहर निकल चुका था। बीच में बारिश के हल्के व्यवधान के बाद जब खेल दोबारा शुरू हुआ तो डिविलियर्स 97 गेंद पर विश्व कप का अपना दूसरा और वनडे में दसवां शतक पूरा करने में सफल रहे। इससे पहले तीन स्पिनरों को टीम में रखने वाले स्मिथ का बोथा से गेंदबाजी की शुरुआत कराने का फैसला सही साबित हुआ जिन्होंने तीसरी गेंद पर ही खतरनाक क्रिस गेल :2: को पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। गेल उनकी आफ ब्रेक को नहीं समझ पाये जो उनके बल्ले को चूमती हुई स्लिप में कैलिस के सुरक्षित हाथों में चली गयी। आखिरी गेंद पर डेरेन ब्रावो के खिलाफ रेफरल मांगा गया जिसमें दक्षिण अफ्रीका को सफलता नहीं मिली। इसके बाद डेरेन ने दक्षिण अफ्रीकी टीम को ब्रायन लारा की याद दिलाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जिन्होंने 1996 और 2003 में शतकीय पारियां खेली थी। डेरेन ने पहले डेल स्टेन को निशाने पर रखा और फिर चोट से उबरकर वापसी करने वाले कैलिस का स्वागत दो चौकों से किया। उन्होंने और डेवोन स्मिथ ने दूसरे विकेट के लिये 111 रन की साझेदारी करके टीम को शुरुआती झटके से उबारा। डेरेन ब्रावो ने ताहिर पर लांग आन पर मैच का पहला छक्का जमाया। उनकी जानदार पारी का अंत आखिर में बोथा ने किया जो दूसरा स्पैल ओल्ड पवेलियन छोर से करने के लिये आये थे। इस बार बल्लेबाज ने रेफरल मांगा और फिर से अंपायर का फैसला ही सही साबित हुआ। डेरेन ने 82 गेंद खेली तथा आठ चौके और एक छक्का लगाया। ताहिर ने अगले ओवर में ही डेवोन स्मिथ को अपनी ही गेंद पर कैच आउट करके पहला अंतरराष्ट्रीय विकेट लिया और फिर रामनरेश सरवन को पगबाधा आउट किया जिनकी रेफरल की अपील नाकाम साबित हुई थी। इसी ओवर में वह ड्वेन ब्रावो को भी आउट कर देते लेकिन खुद ही फालोथ्रू में सीधा कैच छोड़ गए। ड्वेन ब्रावो ने इसका फायदा उठाकर तीनों स्पिनर ताहिर, बोथा और पीटरसन पर छक्के जड़े लेकिन शिवनारायण चंद्रपाल के बुलावे पर देर से हरकत में आने के कारण वह दुर्भाग्यपूर्ण ढंग से रन आउट हो गए। चंद्रपाल :31: भी अधिक देर तक नहीं टिक पाए और ताहिर के तीसरे शिकार बने। उनकी जगह लेने के उतरे कीरेन पोलार्ड ने जैसे ही मैदान पर कदम रखा दर्शक उत्साहित हो गये, लेकिन वह खाता खोले बिना ही पवेलियन लौट गए। स्टेन की पगबाधा की जोरदार अपील अमीश साहेबा ने ठुकरा दी लेकिन रेफरल पर तीसरे अंपायर अशोका डिसिल्वा ने दक्षिण अफ्रीका के पक्ष में फैसला सुनाया। ताहिर ने डेवोन थामस :15: को आउट करके विकेटों का चौका पूरा किया जबकि स्टेन ने अगले ओवर में कप्तान डेरेन सैमी और फिर सुलेमान बेन को आउट करके कैरेबियाई पारी समेटी।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
वेस्ट इंडीज, अफ्रीका, मैच, West Indies, S Africa, Match
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com