विज्ञापन
This Article is From Mar 29, 2011

न्यूजीलैंड को हराकर फाइनल में पहुंचा श्रीलंका

श्रीलंका ने आईसीसी क्रिकेट विश्व कप में न्यूजीलैंड को पांच विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली है।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
कोलम्बो: श्रीलंका ने आईसीसी क्रिकेट विश्व कप में न्यूजीलैंड को पांच विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। टूर्नामेंट में अब तक दो शतक जड़ने वाले उपुल थरांगा (30) के अंदाज से लगा कि श्रीलंका मैच जल्दी निबटाना चाहता है। उन्होंने नाथन मैकुलम के पहले ओवर में छक्का जड़कर स्कोरिंग की शुरुआत की और राइडर के बायीं तरफ डाइव लगाकर लिए गए बेमिसाल कैच के कारण पवेलियन लौटने तक अपनी आक्रामकता बरकरार रखी। दिलशान ने हालांकि संभलकर खेलने को तरजीह दी और संगकारा ने भी लक्ष्य कम होने के कारण किसी तरह का जोखिम उठाना अनुचित समझा। इन दोनों ने कमजोर गेंदों को निशाना बनाने की रणनीति अपनाई और दूसरे विकेट के लिए 120 रन की साझेदारी की। श्रीलंका जब बड़ी जीत की तरफ बढ़ रहा था तब न्यूजीलैंड ने चार गेंद के अंदर दिलशान और महेला जयवर्धने (1) को आउट करके मैच में जान डालने की कोशिश की। दिलशान ने टिम साउथी पर करारा शॉट जमाने के प्रयास में राइडर को आसान कैच थमाया जबकि विटोरी ने जयवर्धने को पगबाधा किया। प्रेमदासा स्टेडियम में तब सन्नाटा छा गया जब दो ओवर बाद संगकारा भी आउट हो गए। श्रीलंकाई कप्तान ने एंडी मैकाय की शार्ट बाल को थर्ड मैन पर हवा में लहराकर पवेलियन की राह पकड़ी। इसके बाद अगले पांच ओवर में केवल सात रन बने। विटोरी ने ऐसे मोड़ पर जब राइडर को गेंद सौंपी तो चमारा सिल्वा (13) ने उन पर दो चौके जड़े लेकिन साउथी ने अगले ओवर में उन्हें बोल्ड करके मैच को फिर रोमांचक राह पर डाल दिया।इससे पहले, न्यूजीलैंड की पूरी टीम 48.5 ओवरों में सभी विकेट खोकर 217 रन ही बना सकी जिसमें स्कॉट स्टायरिस के सर्वाधिक 57 रन शामिल हैं। स्टायरिस ने रॉस टेलर (36) के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 77 रन जोड़े। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला करने वाली न्यूजीलैंड की शुरुआत धीमी रही और उसके विस्फोटक बल्लेबाज ब्रेंडन मैक्लम 21 गेंदों पर एक चौके और एक छक्के की मदद से 13 रन बनाकर आठवें ओवर में रंगना हेराथ की गेंद पर बोल्ड हो गए। राइडर रन गति को तेज करने के चक्कर में स्पिन गेंदबाज मुथैया मुरलीधरन की गेंद पर विकेटकीपर कुमार संगकारा को कैच थमाकर चलते बने। राइडर ने 34 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 19 रन बनाए। उन्होंने मार्टिन गुपटिल के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 37 रन जोड़े। इसके बाद गुपटिल भी 65 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 39 रन बनाकर आउट हो गए। गुपटिल को तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा ने बोल्ड आउट किया। न्यूजीलैंड का चौथा विकेट रॉस टेलर के रूप में गिरा। टेलर 55 गेंदों पर एक चौके की मदद से 36 रन बनाकर अजंथा मेंडिस की गेंद पर थरंगा के हाथों लपके गए। हरफनमौला केन विलियम्सन ने 16 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 22 रन बनाए जबकि नेथन मैक्लम नौ रन और जैकब ओरम ने सात रन बनाए। साउदी और एंडी मैक्के खाता भी नहीं खोल सके। कप्तान डेनियल विटोरी तीन रन पर नाबाद लौटे। श्रीलंका की ओर से तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा और मेंडिस ने तीन-तीन विकेट चटकाए जबकि मुथैया मुरलीधरन ने दो विकेट झटके वहीं हेराथ और दिलशान के खाते में एक-एक विकेट गया।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
श्रीलंका, पवेलियन, थरंगा
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com