विज्ञापन
This Article is From Feb 16, 2011

सरकार ने किया खेल संघों का करोड़ों बकाया माफ

सरकार ने नेहरू स्टेडियम के नवीनीकरण से पहले वहां अपने कार्यालय रखने वाले खेल संघों का साढ़े तीन करोड़ का बकाया माफ कर दिया है।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
New Delhi: सरकार भले ही पिछले लम्बे समय से राष्ट्रीय खेल संघों के कामकाज को लेकर नाखुश हो लेकिन उसने जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम के नवीनीकरण से पहले वहां अपने कार्यालय रखने वाले खेल संघों के प्रति दरियादिली दिखाते हुए उनका लगभग साढ़े तीन करोड़ रुपये का बकाया माफ कर दिया है। यह खुलासा भारतीय खेल प्राधिकरण ने सूचना के अधिकार अधिनियम 2005 के तहत मुहैया कराई गई जानकारी में किया है। साई ने इसके साथ ही कहा है कि राष्ट्रमंडल खेलों के लिए नवीनीकरण से पहले जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में भारतीय ओलिंपिक संघ  (आईओए) और भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) सहित 26 राष्ट्रीय खेल संघों के कार्यालय थे। वरिष्ठ खेल पत्रकार राजेंद्र सजवाण की सूचना के अधिकार के तहत दाखिल अर्जी के जवाब में साई ने खुलासा किया है कि विभिन्न खेल संघों पर 31 मार्च 2008 तक 3,51,97,959 रुपये का बकाया था जिसे साई की 14 अक्तूबर 2008 को हुई आम बैठक में माफ करने का फैसला किया गया था। जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम का राष्ट्रमंडल खेलों के लिए नवीनीकरण कराया गया था जिसके बाद वहां से खेल संघों के कार्यालय हटा दिए गए थे। साई ने बताया कि आईओए और बीसीसीआई के अलावा जिन खेलों से जुड़े महासंघों के इस स्टेडियम में कार्यालय थे उनमें मुक्केबाजी, तीरंदाजी, शतरंज, टेबल टेनिस, गोल्फ, जूडो, जिम्नास्टिक, निशानेबाजी, भारोत्तोलन, कुश्ती, बास्केटबॉल, वालीबाल आदि शामिल हैं। राष्ट्रमंडल खेलों का सचिवालय भी पहले इसी स्टेडियम में बनाया गया था।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
खेल संघ, तीन करोड़ बकाया, माफ, कार्यालय
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com