वीरेंद्र सहवाग और महेंद्र सिंह धोनी ने विश्व कप सेमीफाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 1000 रन पूरे किए।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
मोहाली:
भारत के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग और उनके कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने बुधवार को विश्व कप सेमीफाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 1000 रन पूरे किए। सहवाग ने अपनी 38 जबकि धोनी ने 25 रन की पारी के दौरान यह उपलब्धि हासिल की। पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट और वन डे में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिये मशहूर रहे सहवाग ने आज दूसरा रन पूरा करते ही यह उपलब्धि हासिल की। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ अब तक 29 मैच में 35.72 की औसत से 1036 रन बनाये हैं जिसमें दो शतक और छह अर्धशतक शामिल हैं। सहवाग ने इसके अलावा श्रीलंका :1511:, न्यूजीलैंड :1157: और इंग्लैंड :1008: के खिलाफ भी एकदिवसीय मैचों में एक हजार से अधिक रन बनाए हैं। दूसरी तरफ धोनी ने भी आउट होने से ठीक पहले पाकिस्तान के खिलाफ एकदिवसीय क्रिकेट में एक हजार रन पूरे किए। उन्होंने अब तक पाकिस्तान के खिलाफ 25 मैचों में 52.68 की औसत से 1001 रन बनाये हैं। इसमें एक शतक और आठ अर्धशतक शामिल हैं। भारतीय कप्तान ने इसके अलावा एकदिवसीय क्रिकेट में श्रीलंका के खिलाफ भी हजार से अधिक रन जोड़े हैं। इस टीम के खिलाफ उन्होंने 45 मैचों में 1707 रन बनाए हैं। पाकिस्तान के खिलाफ भारत की तरफ से सचिन तेंदुलकर ने सर्वाधिक रन बनाये हैं। उन्होंने इस चिर प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ 2400 से अधिक रन बनाये हैं। उनके बाद राहुल द्रविड़ :1899:, मोहम्मद अजहरूद्दीन :1657:, सौरव गांगुली :1652:, युवराज सिंह :1251:, सहवाग और धोनी का नंबर आता है।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं