विज्ञापन
This Article is From Jan 25, 2015

सैयद मोदी मास्टर्स : विश्व चैम्पियन को हरा साइना ने जीता खिताब

सैयद मोदी मास्टर्स : विश्व चैम्पियन को हरा साइना ने जीता खिताब
फाइल फोटो
लखनऊ:

देश की शीर्ष महिला बैडमिंटन खिलाड़ी एवं मौजूदा चैम्पियन साइना नेहवाल ने रविवार को मौजूदा विश्व चैम्पियन स्पेन की कैरोलीना मैरीन को मात देकर लगातार दूसरी बार सैयद मोदी इंटरनेशनल इंडिया मास्टर्स खिताब जीत लिया।

बाबू बनारसी दास इनडोर स्टेडियम में हुए 1,20,000 डॉलर इनामी राशि वाले टूर्नामेंट में करीब एक घंटा 19 मिनट तक चले इस फाइनल मुकाबले में दोनों स्टार खिलाड़ियों ने उच्चस्तर का खेल दिखाकर दर्शकों को अपनी जगह से ना हिलने को मजबूर कर दिया। दोनों धुरंधर खिलाड़ियों के बीच शुरुआत से ही कांटे का मुकाबला रहा।

पहले गेम में साइना और कैरोलीन दोनों ने ही एक-दूसरे पर बढ़त लेने की होड़ दिखाई। दोनों शटलरों ने एक-दूसरे की कमजोरी भांपने की कोशिश की और शह-मात के इस खेल ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। साइना पहला गेम 19-21 के नजदीकी अंतर से गंवा बैठी।

दूसरे गेम के शुरू में ही साइना ने बेहद आक्रामक तेवर दिखाए लेकिन कैरोलीन ने भी खुद पर दबाव नहीं पड़ने दिया और भारतीय खिलाड़ी के हर दांव का जवाब देने की कोशिश की। रोमांच की पराकाष्ठा पर पहुंचे इस गेम में आखिरकार साइना भारी पड़ीं और उन्होंने इसे 25-23 से अपने नाम करके खेल को तीसरे गेम में पहुंचा दिया।

तीसरे और आखिरी गेम में साइना की आक्रामकता जहां बरकरार रही वहीं स्पैनिश खिलाड़ी ने कई गलतियां की, नतीजतन भारतीय शीर्ष वरीय साइना ने इस गेम को 21-16 से जीतकर खिताब भी अपने नाम कर लिया।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
बैडमिंटन, साइना नेहवाल, सैयद मोदी इंटरनेशनल इंडिया मास्टर्स खिताब, कैरोलीना मैरीन, Badminton, Saina Nehwal, Syed Modi Badminton Crown
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com