सचिन ने कहा, सेमीफाइनल मैच में पांच जीवनदान, भगवान मुझ पर मेहरबान था। यह कुछ ऐसा था, जो मेरे साथ पहले कभी नहीं हुआ।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
मोहाली:
आईसीसी विश्व कप के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ मिली शानदार जीत के बाद टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने कहा कि अपने गृहनगर मुम्बई में विश्व कप फाइनल खेलना एक यादगार क्षण होगा। मोहाली में भारत और पाकिस्तान के बीच बुधवार को खेले गए दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में टीम के 29 रन से विजयी होने के बाद तेंदुलकर ने टीम के प्रत्येक खिलाड़ी के प्रयास की सराहना की। तेंदुलकर ने इस मुकाबले में 85 रनों की शानदार पारी खेली, जिसकी मदद से टीम का स्कोर 260 रन तक पहुंच सका। उन्हें मैन ऑफ द मैच भी घोषित किया गया। तेंदुलकर ने कहा, "मैं यहां मौजूद सारे दर्शकों को उनकी हौसलाअफजाई के लिए धन्यवाद देता हूं। यह पूरी टीम का प्रयास था। गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया।" तेंदुलकर ने कहा कि शनिवार को मुम्बई में श्रीलंका के खिलाफ होने वाला फाइनल मुकाबला आसान नहीं होगा। तेंदुलकर ने कहा कि श्रीलंका एक अच्छी टीम है। वह स्थितियों से भली भांति परिचित है लेकिन हम भी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे।तेंदुलकर ने यह माना कि आज तक उन्हें एक पारी में कभी पांच जीवनदान नहीं मिले थे। सचिन ने कहा, पांच जीवनदान, भगवान मुझ पर मेहरबान था। यह कुछ ऐसा था, जो मेरे साथ पहले कभी नहीं हुआ। शनिवार 2 अप्रैल को होने वाले श्रीलंका के साथ फाइनल के बारे में सचिन का कहना है, आशा है कि हम बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण तीनों क्षेत्रों में अपना सबसे बेहतर प्रदर्शन करेंगे। श्रीलंका बहुत अच्छी टीम है। वे अच्छा खेलते हैं और यहां की स्थितियों से वाकिफ हैं। मुंबई में फाइनल खेलना बहुत अच्छा अनुभव होगा। हम चाहेंगे कि खेल के दौरान हम सयंम से रहें और अपना पूरा ध्यान लक्ष्य पर केंद्रित करें, ताकि हम इसे हासिल कर सकें।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
सचिन तेंदुलकर, फाइनल, मुंबई, विश्व कप