बारिश की सूरत में पैदा हुई नमी के कारण उमर गुल जैसे पाकिस्तानी तेज गेंदबाज को रिवर्स स्विंग का फायदा मिल सकता है।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
मोहाली:
पंजाब क्रिकेट संघ मैदान पर बुधवार को खेले जाने वाले आईसीसी विश्व कप-20 के अंतर्गत भारत पाकिस्तान सेमीफाइनल मुकाबले पर बारिश का साया मंडराने लगा है। मंगलवार को चण्डीगढ़ सहित मोहाली और उसके आसपास के इलाके में जोरदार आंधी आने के साथ ही गरज के साथ बारिश हुई। सोमवार रात लगभग नौ बजे के आसपास भी बारिश की आशंका बनी हुई थी लेकिन सुबह होते-होते मौसम साफ हो गया था। इस मैच को देखने के लिए पीसीए स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान के प्रधानमंत्रियों, राजनेताओं और उद्योगपतियों सहित 28,000 लोगों के पहुंचने की संभावना है लेकिन बारिश इस रोमांचक मुकाबले में खलल डालती दिख रही है। दिन के वक्त मौसम पूरी तरह खुला हुआ था और शाम होते-होते मोहाली की पिच को एहियात के तौर पर ढंक दिया गया था। इससे पिच को नुकसान पहुंचने की संभावना कम है लेकिन अगर रात में या फिर सुबह के वक्त तेज बारिश हो जाती है तो इससे आउट फील्ड के गीला होने की आशंका है इस कारण मैच शुरू होने में देरी हो सकती है। मोहाली की पिच पर काफी अधिक घास है जिसे शाम के वक्त हटाने का प्रयास चल रहा था लेकिन ऐसी उम्मीद है कि पूरी घास पिच से नहीं हटाई जाएगी। और ऐसे में बारिश की सूरत में पैदा हुई नमी के कारण उमर गुल जैसे पाकिस्तानी तेज गेंदबाज को रिवर्स स्विंग का फायदा मिल सकता है। मैच दोपहर ढाई बजे शुरू होना है। मोहाली का ड्रेनेज सिस्टम अच्छा है और अगर बारिश बहुत अधिक नहीं होती है तो मैच को लेकर यथावत स्थिति बनी रह सकती है।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
मोहाली, भारत, पाक, मैच, बारिश