प्रवीण हाल ही में इंग्लैंड से लौटे हैं। वह अपनी कोहनी की चोट के बारे में विशेषज्ञ राय लेने इंग्लैंड गए थे।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली:
भारतीय क्रिकेट टीम के मध्यम गति के तेज गेंदबाज प्रवीण कुमार का आईसीसी क्रिकेट विश्व कप-2011 में खेलना तय नहीं है। प्रवीण के दाएं हाथ के कोहनी की चोट अब तक पूरी तरह ठीक नहीं हो सकी है। प्रवीण ने सोमवार को राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में आयोजित फिटनेस टेस्ट में हिस्सा लिया। प्रवीण हाल ही में इंग्लैंड से लौटे हैं। वह अपनी कोहनी की चोट के बारे में विशेषज्ञ राय लेने इंग्लैंड गए थे। प्रवीण के साथ तेज गेंदबाज शांताकुमारन श्रीसंत ने भी सोमवार को फिटनेस टेस्ट में हिस्सा लिया। बीसीसीआई के सचिव एन. श्रीनिवासन ने प्रवीण की चोट पर कुछ बोलने से इनकार कर दिया। उन्होंने हालांकि यह जरूर कहा कि बीसीसीआई को प्रवीण के स्थानापन्न के तौर पर किसी अन्य खिलाड़ी को टीम में शामिल करने के लिए आईसीसी की अनुमति लेनी पड़ सकती है। श्रीनिवासन ने कहा, "प्रवीण जैसे खिलाड़ी का स्थानापन्न लेना हमारे लिए कठिन बात होगी लेकिन ऐसा करने से पहले हमें आईसीसी की इजाजत लेनी होगी। हमें उन 30 खिलाड़ियों में से ही किसी एक का चयन करना होगा, जो विश्व कप के लिए संभावितों की सूची में शामिल थे।" प्रवीण को द. अफ्रीका के साथ खेली गई एकदिवसीय श्रृंखला की शुरुआत में चोट लगी थी। उन्हें आराम करने के लिए स्वदेश भेज दिया गया था। वह एनसीए में अपनी फिटनेस सुधारने का प्रयास कर रहे थे। इसके बाद वह लंदन जाकर जाने-माने सर्जन एंड्रयू वॉलेस से मिले। इसी सर्जन ने कुछ वर्ष पहले सचिन तेंदुलकर की कोहनी की चोट का इलाज किया था। दूसरी ओर, श्रीसंत फिटनेस टेस्ट में कामयाब रहे। श्रीसंत को प्रवीण की जगह मिल सकती है लेकिन मैदान में उनके अब तक के व्यवहार को देखते हुए बीसीसीआई उनका चयन करने से पहले कई बार सोचेगा।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
विश्व कप, प्रवीण