विज्ञापन
This Article is From Nov 28, 2014

महान फुटबॉलर पेले ने कहा, मैं 'गंभीर' रूप से बीमार नहीं हूं

महान फुटबॉलर पेले ने कहा, मैं 'गंभीर' रूप से बीमार नहीं हूं
पेले की फाइल तस्वीर
साओ पाउलो:

ब्राजील के महान फुटबॉलर खिलाड़ी पेले ने कहा है कि वह गंभीर रूप से बीमार नहीं हैं। उनके इस बयान के साथ इन अटकलों पर विराम लग गया है कि उनकी तबीयत काफी खराब है।

हालांकि जिस अस्पताल में पेले भर्ती हैं, उसने कहा है कि इस पूर्व फुटबॉलर को अब भी आईसीयू में रखा गया है और उनका उपचार चल रहा है।

पेले ने अपने ट्विटर एकाउंट के जरिये इन खबरों का खंडन किया किया कि उनकी हालात काफी खराब है और उन्हें मूत्र संक्रमण के इलाज के लिए आईसीयू में भर्ती कराया गया है।

उन्होंने कहा, मैं आपको बताना चाहता हूं कि मैं बिल्कुल ठीक हूं। मुझे आज आईसीयू में नहीं रखा गया है। सिर्फ प्राइवेसी के कारण मुझे अस्पताल के विशेष कमरे में रखा गया है।

पेले के गुर्दे से 13 नवंबर को पथरी निकाली गई थी, लेकिन संक्रमण का पता चलने के बाद उन्हें सोमवार को दोबारा अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पेले ने कहा, मैं खुशकिस्मत हूं कि मुझे आपका प्यार और समर्थन मिला। भगवान का शुक्र है कि कुछ भी गंभीर नहीं है। मैं आगामी छुट्टियां अपने परिवार के साथ बिताने को लेकर उत्सुक हूं और अच्छे स्वास्थ्य के साथ नए साल की शुरुआत करूंगा। मेरे अंतरराष्ट्रीय दौरों की योजना पहले ही बन चुकी है।

पेले के मैनेजर पाल केम्स्ले पहले ही कह चुके हैं कि इस पूर्व खिलाड़ी के हल्के संक्रमण से जल्द ही पूरी तरह उबरने की उम्मीद है। केम्स्ले ने बयान में कहा कि पेले की हालत को लेकर चीजों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया।

इससे पहले, अल्बर्ट आइंस्टाइन अस्पताल ने बयान जारी करते हुए कहा था कि पेले को हालत में अस्थिरता आने के बाद विशेष चिकित्सा इकाई में रखा गया है। इस बयान के बाद ब्राजील में चिंता पैद हो गई थी और स्थानीय मीडिया ने कहा कि पेले के स्वास्थ्य में गिरावट आई है।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
पेले, फुटबॉलर पेले, पेले अस्पताल में, पेले बीमार, Pele, Pele Health, Pele In Hospital, Brazilian Footballer Pele
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com