विज्ञापन
This Article is From Mar 29, 2011

'मुकाबले' के लिए तैयार भारत और पाकिस्तान

भारत और पाकिस्तान की क्रिकेट टीमों के बीच खेले जाने विश्व कप-2011 के सेमीफाइनल मुकाबले के लिए मोहाली स्थित पीसीए मैदान पूरी तरह तैयार है।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
मोहाली: भारत और पाकिस्तान की क्रिकेट टीमों के बीच खेले जाने आईसीसी विश्व कप-2011 के सेमीफाइनल मुकाबले के लिए मोहाली स्थित पंजाब क्रिकेट संघ (पीसीए) मैदान पूरी तरह तैयार है। यह मुकाबला देखने के लिए दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों के मोहाली आने की सूचना के बाद से भारत-पाक के बीच वार्ता शुरू होने की उम्मीद बंधी है जिसके कारण इस मैच को 'महामुकाबला', 'मुकाबलों का मुकाबला', 'क्रिकेट की जंग' जैसे नाम दिए जा रहे हैं। दोनों टीमों के कप्तानों ने हालांकि इस तरह की किसी चर्चा में शामिल होने से इनकार करते हुए सामान्य क्रिकेट खेलने की बात कही है लेकिन मोहाली सहित पूरे देश और सीमा पार पाकिस्तान में माहौल 'गरमा' गया है। हर तरफ इस मुकाबले की चर्चा है। मुकाबले को देखने के लिए 5,000 पाकिस्तानी नागरिक 'तोहफे के तौर पर मिले' वीजा के जरिए मोहाली पहुंच चुके हैं। इन लोगों में मैच को लेकर जबर्दस्त उत्साह है। पाकिस्तान और हिन्दुस्तान के अलावा दुनियाभर में रहने वाले पाकिस्तानी और भारतीय मूल के लोग इस मैच में अपनी-अपनी टीमों की जीत के लिए दुआ कर रहे हैं। कुल 28,000 लोगों की क्षमता वाले पीसीए स्टेडियम में खेले जाने वाले इस मैच की विजेता टीम दो अप्रैल को मुम्बई में फाइनल खेलेगी। भारतीय टीम 2003 के बाद पहली बार फाइनल में पहुंचने के लिए जोर लगाएगी जबकि पाकिस्तानी टीम 1999 के बाद पहली बार खिताबी मुकाबले में जगह पक्की करने का प्रयास करेगी। मैच में अति विशिष्ट लोगों की मौजूदगी के कारण पंजाब पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां भी कोई भी कोताही बरतना नहीं चाहतीं। मोहाली छावनी में तब्दील हो चुका है और पीसीए स्टेडियम किसी किले से कम नहीं लग रहा। स्टेडियम की सुरक्षा के लिए एनएसजी के कमांडो सहित करीब 10,000 जवानों की तैनाती की गई है। संभावना है कि गिलानी बुधवार सुबह चण्डीगढ़ पहुंचने के बाद भारतीय वायु सेना के हेलीकॉप्टर से मोहाली पहुंचेंगे। स्टेडियम में तैनात पुलिस बल का नेतृत्व कर रहे पुलिस अधीक्षक कमलदीप सिंह (नोडल अधिकारी-फोर्स) ने बताया, "हम इस मैच के जरिए पंजाब पुलिस की क्षमता को दर्शाना चाहते हैं। इससे पहले भी हमारे सामने इस तरह चुनौती आई है लेकिन इस बार की चुनौती कुछ ज्यादा बड़ी है। बड़ी संख्या में पाकिस्तानी दर्शक इस मैच के लिए मोहाली पहुंच चुके हैं, लिहाजा उनकी सुरक्षा के साथ-साथ मैच के दिन स्टेडियम में बैठे सभी लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी हमारी है। हम इसके लिए पूरी तैयारी कर चुके हैं।" इस बीच भारतीय टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने मंगलवार को कहा कि उनके साथी तमाम चर्चाओं से 'बेखबर' अभ्यास पर ध्यान लगाए हुए हैं। धोनी ने कहा, "निश्चित तौर पर यह हमारे लिए बड़ा मैच है। एक तो यह सेमीफाइनल है और दूसरे इसमें हमारा सामना पाकिस्तान से होना है। इस मैच को लेकर जबर्दस्त चर्चा हो रही है लेकिन हम इससे प्रभावित नहीं हैं। हमारा ध्यान अपने काम पर है। मीडिया के माध्यम से जो बातें सामने आ रही हैं, उससे बेखबर मेरे साथी अपनी भूमिका पर ध्यान केंद्रित किए हुए हैं।" कप्तान ने कहा कि टीम के सभी सदस्य फिट हैं और मंगलवार दोपहर के अभ्यास के बाद वे सीधे मैच के लिए ही मैदान में उतरेंगे। धोनी ने कहा, "इस मैच के लिए हम पूरी तरह अपनी क्षमताओं पर ध्यान दे रहे हैं। हम अपनी फिटनेस और तकनीक पर आश्रित हैं और हमें उम्मीद है कि इससे हमें सकारात्मक नतीजा मिलेगा।" पाकिस्तानी टीम के बारे में पूछे जाने पर भारतीय कप्तान ने कहा कि बीते दिनों में इस टीम ने शानदार प्रदर्शन किया है और खुद को खिताब के दावेदारों में शामिल किया है। कप्तान के मुताबिक पाक टीम के पास कुछ अच्छे हरफनमौला खिलाड़ी हैं जो टीम को संतुलन प्रदान करते हैं। कप्तान ने कहा, "पाकिस्तान टीम के पास कुछ अच्छे हरफनमौला खिलाड़ी हैं। इससे उसे पांच गेंदबाजों के साथ मैदान में उतरने की आजादी मिलती है। यह टीम काफी संतुलित और एकीकृत दिखाई दे रही है। हम उम्मीद करते हैं कि बुधवार को जोरदार मुकाबला होगा।" दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों की स्टेडियम में मौजूदगी के सम्बंध में पूछे जाने पर धोनी ने कहा, "राजनीतिक तौर पर दोनों देशों के बीच बीते 40-45 दिनों में क्या-क्या हुआ है, इसकी मुझे जानकारी नहीं लेकिन यह जानकर अच्छा लगा कि दोनों देशों के प्रधानमंत्री यह मैच देखने पहुंचेंगे। क्रिकेट ने हमेशा दोनों देशों के बीच दोस्ती के पुल का काम किया है। मैं उम्मीद करता हूं कि मोहाली का यह मैच एक बार फिर दोनों देशों के बीच दोस्ती के रिश्ते को कायम करने के साथ-साथ उसे बढ़ाएगा भी। यह दोनों देशों के साथ-साथ क्रिकेट के भी हित में होगा।" दूसरी ओर, पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के कप्तान शाहिद अफरीदी ने भी इस मामले में धोनी से सहमति जताई लेकिन मैच को लेकर अफरीदी ने कहा कि भारतीय टीम दबाव में होगी। अफरीदी के मुताबिक उनकी टीम ने अप्रत्याशित प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई है, लिहाजा वह अपना स्वाभाविक खेल खेलेगी लेकिन भारतीय टीम को अपनी प्रतिष्ठा के साथ न्याय करने के लिए मनोवैज्ञानिक संघर्ष करना होगा।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
मुकाबले, भारत, पाकिस्तान
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com