जिम्बाब्वे ने शुरू में ही चार विकेट गंवाने के बाद संघर्ष जारी रखा लेकिन इसके बावजूद उसकी टीम 46.2 ओवर में 171 रन पर सिमट गई।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
अहमदाबाद:
शेन वाटसन और माइकल क्लार्क की अर्द्धशतकीय पारियों और मिशेल जानसन की उम्दा गेंदबाजी से पिछले तीन बार का चैंपियन ऑस्ट्रेलिया जिम्बाब्वे को 91 रन से शिकस्त देकर पांचवां विश्व कप जीतने के अपने अभियान का जानदार आगाज करने में सफल रहा। वाटसन ने 79 रन बनाए जिसके लिए उन्होंने 92 गेंद खेली तथा आठ चौके और एक छक्का लगाया। क्लार्क 55 गेंद पर चार चौकों की मदद से 58 रन बनाकर नाबाद रहे। इन दोनों के अलावा ब्रैड हैडिन (29) और कप्तान रिकी पोंटिंग (28) ने भी योगदान दिया जिससे ऑस्ट्रेलिया टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 262 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा करने में सफल रहा। जिम्बाब्वे ने शुरू में ही चार विकेट गंवाने के बाद संघर्ष जारी रखा लेकिन इसके बावजूद उसकी टीम 46.2 ओवर में 171 रन पर सिमट गई और इस तरह से हार का अंतर ही कम कर पाई। जिम्बाब्वे की तरफ से नौवें नंबर के बल्लेबाज ग्रीम क्रेमर ने सर्वाधिक 37 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से जानसन ने 19 रन देकर चार जबकि शान टैट और जैसन क्रेजा ने दो-दो विकेट लिए। ऑस्ट्रेलिया की जीत भले ही आसान दिख रही हो लेकिन उसके बल्लेबाजों को स्पिनरों के सामने काफी परेशानी हुई जबकि जानसन को छोड़कर उसके अन्य गेंदबाज भी जिम्बाब्वे के कम अनुभवी खिलाड़ियों पर अपना पूरा प्रभाव नहीं छोड़ पाए।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
विश्व कप, जिम्बाब्वे, लक्ष्य