न्यूजीलैंड की पूरी टीम 48.5 ओवरों में सभी विकेट खोकर 217 रन ही बना सकी जिसमें स्कॉट स्टायरिस के सर्वाधिक 57 रन शामिल हैं।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
कोलम्बो:
आईसीसी विश्व कप-2011 के अंतर्गत आर. प्रेमदासा स्टेडियम में मंगलवार को खेले जा रहे सेमीफाइनल मुकाबले में सह मेजबान श्रीलंका के खिलाफ न्यूजीलैंड की पारी 217 रनों पर सिमट गई। इस प्रकार श्रीलंका के सामने इस मुकाबले को जीतने के लिए 218 रनों का लक्ष्य है। न्यूजीलैंड की पूरी टीम 48.5 ओवरों में सभी विकेट खोकर 217 रन ही बना सकी जिसमें स्कॉट स्टायरिस के सर्वाधिक 57 रन शामिल हैं। स्टायरिस ने रॉस टेलर (36) के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 77 रन जोड़े। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला करने वाली न्यूजीलैंड की शुरुआत धीमी रही और उसके विस्फोटक बल्लेबाज ब्रेंडन मैक्लम 21 गेंदों पर एक चौके और एक छक्के की मदद से 13 रन बनाकर आठवें ओवर में रंगना हेराथ की गेंद पर बोल्ड हो गए। जेसी राइडर रन गति को तेज करने के चक्कर में स्पिन गेंदबाज मुथैया मुरलीधरन की गेंद पर विकेटकीपर कुमार संगकारा को कैच थमाकर चलते बने। राइडर ने 34 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 19 रन बनाए। उन्होंने मार्टिन गुपटिल के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 37 रन जोड़े। इसके बाद गुपटिल भी 65 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 39 रन बनाकर आउट हो गए। गुपटिल को तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा ने बोल्ड आउट किया। न्यूजीलैंड का चौथा विकेट रॉस टेलर के रूप में गिरा। टेलर 55 गेंदों पर एक चौके की मदद से 36 रन बनाकर अजंथा मेंडिस की गेंद पर उपुल थरंगा के हाथों लपके गए। हरफनमौला केन विलियम्सन ने 16 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 22 रन बनाए जबकि नेथन मैक्लम नौ रन और जैकब ओरम ने सात रन बनाए। टिम साउदी और एंडी मैक्के खाता भी नहीं खोल सके। कप्तान डेनियल विटोरी तीन रन पर नाबाद लौटे। श्रीलंका की ओर से तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा और मेंडिस ने तीन-तीन विकेट चटकाए जबकि मुथैया मुरलीधरन ने दो विकेट झटके वहीं हेराथ और तिलकरत्ने दिलशान के खाते में एक-एक विकेट गया।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
न्यूजीलैंड, पारी, रन