विज्ञापन

नीरज चोपड़ा ने किससे इंस्पायर होकर रखे लंबे बाल? संजय दत्त का नाम आते ही खोला राज

नीरज चोपड़ा से जुड़ी कई बातें फैंस के बीच चर्चा में रहती हैं. इनमें उनका अलग अंदाज भी शामिल है. नीरज के लंबे बाल अक्सर मैदान पर थ्रो के दौरान लोगों का ध्यान खींचते हैं.

नीरज चोपड़ा ने किससे इंस्पायर होकर रखे लंबे बाल? संजय दत्त का नाम आते ही खोला राज
नीरज चोपड़ा
IANS

नीरज चोपड़ा के फैंस इस बार एशियन गेम्स 2026 में अपने स्टार जैवलिन थ्रोअर को मिस करेंगे, क्योंकि टखने में चोट के कारण वह बाकी सीजन से बाहर हो चुके हैं. मैदान से दूर होने के बावजूद 'गोल्डन बॉय' से जुड़ी कई बातें फैंस के बीच चर्चा में रहती हैं. इनमें उनका अलग अंदाज भी शामिल है. नीरज के लंबे बाल अक्सर मैदान पर थ्रो के दौरान लोगों का ध्यान खींचते हैं. आखिर उन्होंने लंबे बाल क्यों रखे? क्या इसके पीछे किसी फिल्मी स्टार से मिली प्रेरणा है? इस सवाल का जवाब खुद नीरज ने एक इंटरव्यू में दिया था.

बचपन से ही लंबे बाल रखने का था शौक

‘द लल्लनटॉप' के ‘गेस्ट इन द न्यूज़ रूम' शो में सौरभ द्विवेदी ने नीरज चोपड़ा से उनके लंबे बालों को लेकर सवाल पूछा था. बातचीत के दौरान सौरभ ने कहा कि नीरज के लंबे बालों की काफी चर्चा होती है और जब वह थ्रो के लिए दौड़ते हैं तो उनका अंदाज काफी स्टाइलिश नजर आता है. इसके बाद उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने संजय दत्त या किसी दूसरे एक्टर से इंस्पायर होकर लंबे बाल रखे हैं?

नीरज ने इस सवाल का जवाब देते हुए बताया था कि उन्हें बचपन से ही लंबे बाल रखने का शौक रहा है. यानी उनके लंबे बालों के पीछे किसी एक्टर की नकल करने की कहानी नहीं है, बल्कि यह उनका अपना पुराना शौक है.

नीरज ने बताई लंबे बाल रखने की परेशानी

नीरज ने बातचीत में यह भी बताया था कि लंबे बाल रखने के साथ उनकी देखभाल करना भी जरूरी है. एक एथलीट के तौर पर उनकी ट्रेनिंग और गेम के दौरान काफी पसीना आता है, जिससे बालों को संभालना आसान नहीं रहता. उन्होंने यह भी कहा था कि अब उनके बाल धीरे-धीरे झड़ने लगे हैं. यानी मैदान पर उनका यह लुक भले ही फैंस को पसंद आता हो, लेकिन खुद नीरज के लिए लंबे बालों को संभालना हमेशा आसान नहीं रहा.

मैदान पर भी अलग दिखता है नीरज का अंदाज

नीरज जब जैवलिन लेकर रन-अप शुरू करते हैं तो उनके लंबे बाल हवा में लहराते नजर आते हैं. उनके खेल के साथ उनका यह लुक भी धीरे-धीरे उनकी पहचान का हिस्सा बन गया. यही वजह है कि उनके लंबे बालों को लेकर फैंस के बीच अक्सर चर्चा होती रहती है. हालांकि, इस बार एशियाई खेलों में नीरज का यह अंदाज मैदान पर देखने को नहीं मिलेगा. उन्होंने अभ्यास के दौरान टखने के लिगामेंट में चोट लगने के बाद 2026 के बाकी सत्र से हटने का फैसला किया है.

नीरज ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया था कि लुसाने डायमंड लीग में सत्र का सर्वश्रेष्ठ थ्रो करने के कुछ ही समय बाद उन्हें यह चोट लगी. उन्होंने कहा था कि कड़ी मेहनत के बाद उन्हें लग रहा था कि वह आखिरकार उस लय को हासिल कर रहे हैं जिसकी उन्हें तलाश थी और लुसाने में उन्होंने सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया.

नीरज की गैरमौजूदगी में रोहित यादव पर नजर

नीरज के एशियाई खेलों से हटने के बाद भारत की जैवलिन थ्रो स्पर्धा में अब रोहित यादव पर भी नजरें रहेंगी. 19 सितंबर से शुरू होने वाले एशियाई खेलों में रोहित नीरज के नक्शेकदम पर चलने की कोशिश करना चाहते हैं. उत्तर प्रदेश के डभिया गांव के रहने वाले 25 वर्षीय रोहित का इस साल ग्लास्गो में राष्ट्रमंडल खेलों में प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था. वहां उन्होंने 81.56 मीटर का थ्रो किया था. हालांकि, 22 अगस्त को भुवनेश्वर में विश्व एथलेटिक्स महाद्वीपीय टूर सिल्वर मीट में उन्होंने 87.68 मीटर का अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया.

ये भी पढ़ें-  पाकिस्तान हो या श्रीलंका! फाइनल से पहले दीप्ति शर्मा ने बताई टीम इंडिया की पूरी रणनीति

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sports News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com