स्टंप उखड़ने के समय राहुल द्रविड़ 68 रन पर खेल रहे थे जबकि इशांत शर्मा को अभी खाता खोलना है।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
मेलबर्न:
सचिन तेंदुलकर दिन के आखिरी ओवर में आउट होने के कारण फिर से बहुप्रतीक्षित महाशतक से चूक गए, लेकिन राहुल द्रविड़ के साथ तीसरे विकेट के लिए उनकी शतकीय साझेदारी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट क्रिकेट मैच के दूसरे दिन भारत का पलड़ा कुछ भारी रखा। ऑस्ट्रेलिया पुछल्ले बल्लेबाजों के साहसिक प्रदर्शन से 333 रन तक पहुंचने में सफल रहा, लेकिन सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर के जल्दी आउट होने के बाद वीरेंद्र सहवाग (67), राहुल द्रविड़ (नाबाद 68) और सचिन तेंदुलकर (73) की दिलकश पारियों से भारत ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक तीन विकेट पर 214 रन बनाए। वह अब ऑस्ट्रेलिया से केवल 119 रन पीछे है। जब सभी की निगाहें तेंदुलकर पर टिकी थी और लग रहा था कि मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर 28 दिसंबर को नया इतिहास बन जाएगा, तभी पीटर सिडल की अंदर की तरफ आती गेंद दुनिया भर के करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों के दिल तोड़ गई। अपनी पारी में बेपरवाह अंदाज में बल्लेबाजी करने वाले तेंदुलकर इसे ऑफ साइड पर खेलना चाहते थे, लेकिन उनकी लाइन सही नहीं थी और गेंद उनका ऑफ स्टंप उखाड़ गई। तेंदुलकर ने अपनी पारी में 98 गेंद खेली तथा आठ चौके और एक छक्का लगाया। उन्होंने द्रविड़ के साथ दूसरे विकेट के लिए 117 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। तेंदुलकर के आउट होने के तीन गेंद बाद ही दिन का खेल समाप्त हो गया। नाइटवाचमैन इशांत शर्मा ने सिडल की तीनों गेंद पर टीम को आगे कोई झटका नहीं लगने दिया। उन्हें अभी अपना खाता खोलना है।मास्टर ब्लास्टर ने चायकाल के बाद सिडल की पहली ही गेंद पर अपर कट से छक्का जमाया। इसके बाद उन्होंने इसी गेंदबाज की गेंद स्लिप और गली से चार रन के लिए भेजी और फिर कवर ड्राइव से चौका लगाया। जब बेन हिल्फेनहास गेंदबाजी के लिए आए, तो तेंदुलकर ने उनकी गेंद को फाइन लेग पर सीमा रेखा के दर्शन कराए। इसी गेंदबाज के अगले ओवर में उन्होंने कवर और मिड ऑन पर दो चौके लगाए। तेंदुलकर ने ऑफ स्पिनर नाथन लियोन की गेंद पर चौका जड़कर द्रविड़ के स्कोर की बराबरी की, जिन्होंने पैटिनसन की गेंद गली और स्लिप क्षेत्र से चार रन के लिए भेजकर शुरुआत की थी, लेकिन उनका अगला चौका काफी देर बाद लगा था। द्रविड़ चाय के बाद सिडल की बेहतरीन गेंद पर आउट होने से बचे थे। यह गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर सीमा रेखा पार चली गई थी। द्रविड़ ने आखिर में सचिन से पहले अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने हिल्फेनहास की गेंद स्लिप और गली के बीच से निकालकर चौका जड़ने के साथ ही 63वां अर्धशतक पूरा किया। तेंदुलकर इसके बाद लियोन की गेंद पर एक रन लेकर इस मुकाम पर पहुंचे। तेंदुलकर इसके साथ ही टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक अर्धशतक जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई एलन बोर्डर को पीछे छोड़ा। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने सुबह छह विकेट पर 277 रन से आगे खेलना शुरू किया तथा दो विकेट जल्दी गंवाने के बावजूद उसके पुछल्ले बल्लेबाज कुछ उपयोगी रन जुटाने में सफल रहे। कल के अविजित बल्लेबाज हैडिन (27) और सिडल (41) को जहीर खान ने अधिक देर तक नहीं टिकने दिया, लेकिन पैटिनसन (नाबाद 18) और हिल्फेनहास (19) ने 27 रन जोड़ने के अलावा 45 मिनट तक भारतीय गेंदबाजों को परेशान किए रखा। जहीर ने 77 रन देकर चार विकेट लिए। उन्होंने दिन के शुरू में ही अपनी जीवंत उपस्थिति दर्ज कराई, जब हैडिन ने उनकी गेंद पर ड्राइव करने की कोशिश में गली में खड़े में सहवाग को कैच दिया। इसके बाद उनकी खूबसूरत लेट इनस्विंगर ने सिडल के बल्ले का किनारा लिया और धोनी ने उसे आसानी से कैच कर लिया। भारत ने यहां से ऑस्ट्रेलियाई पारी जल्दी समेटने का मौका गंवाया। लंच से आधे घंटे पहले ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को आक्रमण पर लगाया गया। उन्होंने हिल्फेनहास को लंबा शॉट खेलने के लिए ललचाया और विराट कोहली ने डीप में उसे कैच में तब्दील कर दिया। अश्विन ने इसके बाद नाथन लियोन (6) को बोल्ड करके ऑस्ट्रेलियाई पारी समाप्त की। उन्होंने 81 रन देकर तीन विकेट लिए।