विज्ञापन
This Article is From Mar 29, 2015

श्रीकांत ने जीता अपना पहला इंडिया ओपन का खिताब

राष्ट्रीय राजधानी के सिरी फोर्ट स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में हुए योनेक्स सनराइज इंडिया ओपन वर्ल्ड सुपरसीरीज बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष एकल वर्ग के फाइनल मुकाबले में देश के शीर्ष बैडमिंटन खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत ने डेनमार्क के विक्टर एक्सेलसेन को हारकर खिताब पर कब्जा कर लिया।

श्रीकांत ने एक्सेलसेन को 18-21, 21-13, 21-12 से हरा दिया। श्रीकांत ने 54 मिनट तक चले बेहद संघर्षपूर्ण मुकाबले में करियर का पहला इंडिया ओपन खिताब जीता।

पहले गेम से ही इस मैच के संघर्षपूर्ण रहने का आभास हो गया था। एक्सेलसेन ने हालांकि लगातार पांच अंक लेते हुए पहले 14-10 से बढ़त ले ली। पहले गेम में एक्सेलसेन की बढ़त एक समय 20-14 हो गई थी और उन्हें जीत के लिए सिर्फ एक अंक लेने थे, लेकिन श्रीकांत ने संघर्ष नहीं छोड़ा और लगातार चार अंक अर्जित किए।

एक्सेलसेन अंतत: पहला गेम जीतने में सफल रहे। दूसरे गेम में श्रीकांत ने संघर्ष और तेज करते हुए लगातार सात अंक अर्जित कर 12-4 की बढ़त ले ली। एक्सेलसेन इस स्कोर को घटाकर 12-14 तक लाने में सफल रहे, लेकिन श्रीकांत ने एकबार फिर लगातार पांच अंक अर्जित कर अपना बढ़त को 19-12 पर पहुंचाया और आखिरकार गेम जीत लिया।

तीसरे और निर्णायक मैच में दोनों खिलाड़ियों के बीच जमकर संघर्ष हुआ। एक समय 10-12 से पिछड़ रहे श्रीकांत ने जबरदस्त वापसी करते हुए लगातार 11 अंक हासिल कर गेम अपने नाम करने के साथ ही खिताब पर कब्जा कर लिया।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
बैडमिंटन, किदांबी श्रीकांत, इंडिया ओपन सुपर सीरीज, Badminton, Kidambi Srikanth, Indian Open Super Series
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com