सीबीआई ने राष्ट्रमंडल खेलों के साज-सज्जा से संबंधित करोड़ों रुपये के घोटाले में कलमाड़ी के निकट सहयोगी देवरुकर शेखकर को गिरफ्तार कर लिया।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
New Delhi:
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने पिछले वर्ष दिल्ली में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों के साज-सज्जा से संबंधित करोड़ों रुपये के घोटाले के मामले में राष्ट्रमंडल खेल आयोजन समिति के पूर्व अध्यक्ष सुरेश कलमाड़ी के निकट सहयोगी देवरुकर शेखकर को पुणे से गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई के प्रवक्ता ने कहा, जांच एजेंसी ने राष्ट्रमंडल खेलों के विभिन्न आयोजन स्थानों पर बहुत अधिक कीमत पर साज-सज्जा के लिए ठेके देने के मामले में कानून की विभिन्न धाराओं में नया मामला दर्ज किया है। कलमाड़ी के निजी सचिव शेखर को परगमन रिमांड के लिए पुणे स्थित एक अदालत में पेश किया। राष्ट्रमंडल खेलों से संबंधित करीब 600 करोड़ रुपये के साज-सज्जा ठेकों की जांच की जा रही है। साज-सज्जा कार्यों में टेंटों, शामियाना, पहले से तैयार इकाइयों, वहनीय शौचालय, कंटेनरों, सुरक्षा बेड़े, फर्नीचर, सार्वजनिक प्रदर्शन लेड बोर्ड, जेनसेट्स, लाइटनिंग, खिलाड़ियों के अभ्यास उपकरण आदि की आपूर्ति शामिल थी। सीबीआई ने खेलों से जुड़े घोटाले के संबंध में जनवरी के शुरू में ही केंद्रीय खेल मंत्रालय के एक अधिकारी के परिसर सहित पूरे देश में कई परिसरों में छापेमारी की थी। साज-सज्जा ठेकों की आयकर विभाग और प्रवर्तन निदेशालय भी जांच कर रहा है। सीबीआई ने इससे पहले खेल आयोजन से संबंधित परियोजनाओं में कथित भ्रष्टाचार के मामले में तीन प्राथमिकी दर्ज की थीं। इनमें से दो मामले लंदन में आयोजित क्वींस बैटन रिले में कथित अनियमितताओं से संबंधित थे। शेखर को भारतीय दंड संहित की धारा 420 (धोखाधड़ी), 120 ब (आपराधिक साजिश रचने) के तहत गिरफ्तार किया गया। उसे सीबीआई के दल ने पुणे केकोठरुड क्षेत्र स्थित उसके आवास से गिरफ्तार किया। शेखर के लिए पेश होने वाले वकील प्रताप परदेशी ने कहा कि शेखर को जिला न्यायाधीश एस सरदेसाई के समक्ष पेश किया गया। सरदेसाई ने शेखर को पारगमन हिरासत में सौंपने के साथ ही सीबीआई को निर्देश दिया कि वह उसे 14 फरवरी को दिल्ली की अदालत में पेश करे। कांग्रेस सूत्रों ने कहा कि शेखर पिछले 15 सालों से कलमाड़ी का निजी सचिव है।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
कॉमनवेल्थ घोटाला, सुरेश कलमाड़ी, गिरफ्तारी, पीए