विज्ञापन
This Article is From Feb 24, 2011

CWG घोटाला : कलमाडी़ ने सरकार पर साधा निशाना

कलमाड़ी ने कहा कि सिर्फ आयोजन समिति के अफसरों को निशाना बनाया जा रहा है और सरकारी अधिकारियों से पूछताछ तक नहीं की जा रही है।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
रांची: भारतीय ओलिंपिक संघ के अध्यक्ष और राष्ट्रमंडल खेल आयोजन समिति के पूर्व अध्यक्ष सुरेश कलमाड़ी ने आरोप लगाया कि राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन से जुड़े सभी फैसले आयोजन समिति और केंद्र तथा दिल्ली सरकार के अधिकारियों ने एक साथ मिलकर लिए थे, ऐसे में जानबूझकर इनमें हुए कथित घोटालों के नाम पर सिर्फ आयोजन समिति के अधिकारियों को निशाना बनाया जा रहा है और सरकारी अधिकारियों से पूछताछ तक नहीं की जा रही है। कलमाड़ी ने एक बार फिर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए इसकी संयुक्त संसदीय समिति से जांच कराए जाने की मांग की है। सुरेश कलमाड़ी ने गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया कि केंद्रीय जांच ब्यूरो की जांच सिर्फ राष्ट्रमंडल खेल आयोजन समिति तक ही सीमित है, जबकि इन खेलों के आयोजन में केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल थे और सभी बड़े फैसले इनकी मौजूदगी में आम सहमति से लिए गए थे। कलमाड़ी ने दोहराया कि वह किसी भी जांच से भयभीत नहीं हैं और कानून अपना रास्ता खुद तय करेगा, लेकिन जांच निष्पक्ष होने के लिए इसकी संसद की संयुक्त संसदीय समिति से जांच कराई जानी चाहिए। कलमाड़ी ने कहा कि राष्ट्रमंडल खेलों का इतना भव्य आयोजन हुआ कि समूचे विश्व ने इसकी तारीफ की। भारत ने इन खेलों में रिकॉर्ड पदक जीते। उन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों में हुए फैसलों में केंद्र सरकार के कैबिनेट सचिव तक के शामिल होने की ओर संकेत करते हुए कहा कि खेलों के आयोजन से जुड़े महत्वपूर्ण फैसले केंद्र और दिल्ली सरकार के शीर्षस्थ अधिकारियों की सहमति से लिए गए। उन्होंने कहा, फैसले कई स्तरों पर लिए गए। जिसमें खेलों के आयोजन से जुड़ी वित्तीय उप समिति वित्तीय समिति और सबसे ऊपर कार्यकारी बोर्ड (एग्जिक्यूटिव बोर्ड) शामिल थे। उन्होंने दावा किया, सबसे बड़ी बात है कि सभी फैसले आमसहमति से लिए गए और इसके प्रमाण हमारे पास हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र के दो वरिष्ठ अधिकारी और दिल्ली सरकार के दो अधिकारी तो फैसलों को लेने में सीधे तौर पर शामिल थे। उन्होंने कहा कि दुख की बात यह है कि जिन फैसलों को सभी ने मिलकर लिया, उनमें खामी पाए जाने की आशंका होने पर सिर्फ आयोजन समिति के पदाधिकारियों को निशाना बनाया जा रहा है। इन फैसलों को लेने में शामिल सरकारी उच्च अधिकारियों से पूछताछ तक नहीं की गई।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
सुरेश कलमाड़ी, कॉमनवेल्थ घोटाला, सरकारी अफसर
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com