विज्ञापन
This Article is From Oct 27, 2016

एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी : भारत के सुरेंदर कुमार जबरन फाउल के दोषी, दो मैचों के लिए सस्‍पेंड

एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी : भारत के सुरेंदर कुमार जबरन फाउल के दोषी, दो मैचों के लिए सस्‍पेंड
प्रतीकात्‍मक फोटो
कुआंटन (मलेशिया): भारतीय डिफेंडर सुरेंदर कुमार चौथी एशियाई चैम्पियन्स ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट में कोई भूमिका नहीं निभा पाएंगे क्योंकि मलेशिया के खिलाफ मैच में जानबूझकर फाउल करने के लिए उन्हें दो मैचों के लिए निलंबित किया गया है.

एशियाई हॉकी महासंघ के तकनीकी प्रतिनिधि रमेश अप्पो ने आचार संहिता के अंतर्गत गुरुवार को अनुशासनात्मक सुनवाई की और सुरेंदर को गंभीर फाउल का दोषी पाया जिससे उन पर दो मैचों का निलंबन लगाया गया. सुरेंदर को अब नाकआउट राउंड से बाहर बैठना होगा जिसकी शुरूआत शनिवार को सेमीफाइनल के साथ होगी.

रमेश ने बयान में कहा, ‘सुरेंदर ने अपनी स्टिक अनुचित तरीके से ऊपर उठाई थी जो मलेशिया के खिलाड़ी की ठुड्डी पर लगी जिसके लिए अंपायर ने उन्हें पीला कार्ड दिखाया.’ उन्होंने कहा, ‘मेरे समक्ष पेश किए गए साक्ष्यों पर विचार करने के बाद जिसमें सुरेंदर का स्पष्टीकरण भी था, मैंने दो मैचों का निलंबन लगाया है.’ भारत के अंतिम लीग मैच के 49वें मिनट में सुरेंदर को मैदान से बाहर भेजा गया था. भारत ने यह मैच 2-1 से जीता.

सुरेंदर को पीला कार्ड दिखाए जाने के बाद भारत ने बाकी मैच 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा लेकिन इसके बावजूद टीम मलेशिया को गोल करने से रोकने में सफल रही. मलेशिया के खिलाड़ी अशारी फिरहान को भी एक मैच के लिए निलंबित किया गया. उन्होंने कहा, ‘भारतीय टीम ने मुझे एक वीडियो दिया है जिसमें अशारी को जानबूझकर अपनी कोहनी भारतीय खिलाड़ी आकाशदीप सिंह को मारकर शारीरिक संपर्क करते हुए दिखाया गया है.’ रमेश ने कहा, ‘मैंने अशारी को एक मैच के लिए निलंबित किया है.’

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
सुरेंदर कुमार, एशियाई चैम्पियन्स ट्रॉफी हॉकी, फाउल, निलंबित, भारतीय हॉकी टीम, डिफेंडर, Defender, Surender Kumar, Suspended, Asian Champions Trophy Hockey, Indian Hockey Team
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com