विज्ञापन
This Article is From Nov 22, 2015

जापान को हराकर भारत जूनियर एशिया कप हॉकी के फाइनल में पहुंचा

जापान को हराकर भारत जूनियर एशिया कप हॉकी के फाइनल में पहुंचा
जूनियर एशिया कप हॉकी के फाइनल में पहुंचने के बाद जश्न मनाती टीम इंडिया (सौजन्य: Hockey India)
कुआंतन (मलेशिया): भारतीय जूनियर हॉकी टीम ने शनिवार को मलेशिया में खेले जा रहे 8वें जूनियर एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश कर लिया। भारत ने सेमीफाइनल में जापान को 6-1 से करारी मात दी। फाइनल में भारत का सामना पाकिस्तान या दक्षिण कोरिया से होगा।

जापान के खिलाफ यह भारत की दूसरी जीत है, क्योंकि ग्रुप लीग मैच में भी भारत ने उसे हराया था। भारत के लिए युवा मनदीप सिंह, मनप्रीत सिंह जूनियर, विक्रमजीत सिंह और वरुण कुमार ने 1-1 गोल किए, जबकि हरमनप्रीत सिंह ने 2 गोल दागे। टूर्नामेंट में हरमनप्रीत ने अब तक 11 गोल किए हैं।

भारतीय टीम ने पहले हाफ में आक्रामक खेल दिखाया और मनदीप ने 12वें मिनट में पहला गोल किया। इसके एक मिनट बाद ही मनप्रीत जूनियर ने गोल करके भारत की बढ़त दोगुनी कर दी। इसके बाद भारतीय टीम ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके भारत को 3-0 की बढ़त दिला दी।

विक्रमजीत सिंह ने 27वें मिनट में फील्ड गोल करके इस बढ़त को 4-0 कर दिया। जापान ने दूसरे हाफ में आक्रामक शुरूआत की, जिसका फायदा पेनल्टी कॉर्नर के रूप में मिला। इसे यामाडा शोता ने गोल में बदला।

भारत ने 48वें मिनट में हरमनप्रीत के पेनल्टी कॉर्नर पर किए गए गोल के दम पर वापसी की। वरुण ने एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर बढ़त 6-1 कर दी, जो अंत तक कायम रही।

जीत के बाद कोच हरेंद्र सिंह ने कहा, ‘‘खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। हम खिताब से एक कदम दूर हैं, लेकिन धैर्य से खेलना होगा। हम अगले मैच को आम मैच की तरह लेकर बेहतर खेल दिखाएंगे।’’

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
भारतीय जूनियर हॉकी टीम, जूनियर एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट, जूनियर हॉकी, एशिया कप हॉकी, हॉकी
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com