विज्ञापन
This Article is From Oct 22, 2016

एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी : द. कोरिया के खिलाफ ड्रॉ, पाकिस्तान से मिलेगी मुश्किल चुनौती

एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी : द. कोरिया के खिलाफ ड्रॉ, पाकिस्तान से मिलेगी मुश्किल चुनौती
रविवार को भारत की टक्कर पाकिस्तान से होगी
नई दिल्ली: एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी टूर्नामेंट में भारत और दक्षिण कोरिया के बीच मुकाबला 1-1 की बराबरी पर खत्म हुआ. टूर्नामेंट के पहले मैच में भारत ने जापान को 10-2 से रौंद दिया था. टूर्नामेंट में रविवार को भारत की टक्कर पाकिस्तान से होगी.

मलेशिया के कुआंतन में खेले जा रहे चौथे एशिया हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में पूर्व चैंपियन भारत (2011) ने जिस अंदाज़ में जापान के खिलाफ शुरुआत की थी, दूसरे मैच में टीम का प्रदर्शन उतना दमदार नहीं दिखा. 10वें मिनट में दक्षिण कोरिया ने पहला गोल कर मैच में 1-0 की बढ़त बना ली और ये बढ़त हाफ़ टाइम तक बनी रही. पूर्व चैंपियन भारत ने गोल करने की कोशिशें तो कीं, लेकिन कोरियाई डिफेंस ने भारतीय फॉरवर्ड की कोशिशें नाकाम कर दीं.

पहले हाफ में भारतीय टीम ने 65 फीसदी बॉल पॉसेशन बनाए रखा और दस बार विपक्षी सर्किल को भी भेदा, लेकिन कोई खिलाड़ी कोई गोल नहीं बना सका. दूसरे हाफ में मैच के 33वें मिनट में निकिन थिमैया के पास पर ललित उपाध्याय ने शानदार गोलकर मैच को बराबरी पर ला दिया. आखिरी क्वार्टर से पहले स्कोर 1-1 की बराबरी पर ही रहा. आखिरी क्वार्टर में भी दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं और मुकाबला 1-1 की बराबरी पर खत्म हुआ.

वर्ल्ड नंबर 6 भारतीय टीम के खिलाफ दक्षिण कोरियाई टीम ने दमदार प्रदर्शन किया. रियो ओलिंपिक्स के बाद अपना पहला अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट खेल रही भारतीय टीम पूरे लय में नहीं दिखी. गौरतलब है कि रियो ओलिंपिक्स में पाकिस्तान और दक्षिण कोरिया दोनों ही टीमें क्वालिफाई नहीं कर पाई थीं. ये टीमें भारत के खिलाफ खुद को साबित करने
के इरादे से उतरी हैं. पाकिस्तान की टीम भारत के ख़िलाफ़ वैसे ही पूरे जोश के साथ प्रदर्शन करती है.

bhartiyahockey.org के आंकड़े के मुताबिक दोनों टीमों (भारत vs पाकिस्तान) के बीच आंकड़ा पाकिस्तान का ही पलड़ा भारी है:

12 अप्रैल, 2016 तक
कुल मैच                      165
भारत जीता                    53
पाकिस्तान जीता              82
ड्रॉ                              30
भारत ने किए गोल         318
पाकिस्तान ने किए गोल   384

वर्ल्ड रैंकिंग में इस वक्त भारत (6) बेशक पाकिस्तान (13) से सात पायदान ऊपर हो, लेकिन रविवार शाम 4 बजे होने वाले मुकाबले में आंकड़े या इतिहास की कोई जगह नहीं होगी. फ़ैन्स उस मैच के रोमांच का बेताबी से इंतज़ार कर रहे हैं.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी, भारत, दक्षिण कोरिया, जापान, पाकिस्तान, Ind Vs Skorea, India, South Korea, Japan, Pakistan, Asian Hockey Champions Trophy
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com