इमरान ने कहा कि वह स्पॉट फिक्सिंग में दोषी तीन पाकिस्तानी खिलाड़ियों पर लगाए गए प्रतिबंध से 'परेशान' हैं।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
लंदन:
पाकिस्तान के महान क्रिकेट खिलाड़ी इमरान खान ने कहा है कि वह स्पॉट फिक्सिंग में दोषी पाए गए तीन पाकिस्तानी खिलाड़ियों पर लगाए गए प्रतिबंध से 'परेशान' हैं लेकिन साथ ही उन्होंने इस कदम को क्रिकेट के भविष्य के लिए जरूरी करार दिया। आईसीसी के विशेष न्यायाधिकरण ने शनिवार को स्पॉट-फिक्सिंग मामले में पूर्व कप्तान सलमान बट्ट, तेज गेंदबाज मोहम्मद आसिफ और मोहम्मद आमेर को दोषी ठहराते हुए तीनों पर क्रमश: 10, सात और पांच वर्ष का प्रतिबंध लगाया था। इन तीनों पर अगस्त, 2010 में इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले गए टेस्ट मैच के दौरान जानबूझ कर नो-बॉल फेंकने का आरोप साबित हुआ है। वेबसाइट 'एबीसी स्पोर्ट' ने इमरान के हवाले से लिखा है, "मैं इस फैसले से परेशान हूं। तीनों हमारे प्रमुख खिलाड़ी रहे हैं। तीनों युवा, प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं लेकिन एक बार अगर किसी खिलाड़ी को दोषी करार दिया जाता है तो क्रिकेट की बेहतरी के लिए उसे सजा देना जरूरी हो जाता है। इससे पाकिस्तानी क्रिकेट का भी भला होगा।" इमरान ने कहा कि प्रतिबंध की सजा पाने वाले तीनों खिलाड़ी आगामी विश्व कप में पाकिस्तान के लिए तुरूप का पत्ता साबित होते। बकौल इमरान, "मैं आमिर को लेकर ज्यादा दुखी हूं। उसे काफी आगे जाना था लेकिन उसका करियर असमय ही समाप्त होने के कगार पर पहुंच गया है। आमेर के अलावा आसिफ और बट्ट के रहते पाक टीम विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करती।"
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
क्रिकेट, भविष्य, प्रतिबंध, इमरान