स्ट्रास की अगुआई में शीर्ष क्रम के जोरदार प्रदर्शन की बदौलत इंग्लैंड ने विश्व कप क्रिकेट ग्रुप बी के अपने पहले मैच में हॉलैंड को छह विकेट से हरा दिया।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नागपुर:
कप्तान एंड्रयू स्ट्रास की अगुआई में शीर्ष क्रम के जोरदार प्रदर्शन की बदौलत इंग्लैंड ने विश्व कप क्रिकेट ग्रुप बी के अपने पहले मैच में हॉलैंड को छह विकेट से हरा दिया। हाल में ऑस्ट्रेलिया के हाथों एकदिवसीय मैच में 1-6 से शिकस्त झेलने वाले इंग्लैंड की ओर से स्ट्रास ने 88, जोनाथन ट्राट ने 62, केविन पीटरसन ने 39 रन की पारी खेली जिससे टीम ने 293 रन के लक्ष्य को 48.4 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 296 रन बनाकर पर हासिल कर लिया। इंग्लैंड की टीम भले ही जीत से शुरुआत करने में सफल रही हो लेकिन उसे इस मैच से काफी सीख लेनी होगी क्योंकि हॉलैंड के खिलाफ उसके गेंदबाजों ने दिशाहीन गेंदबाजी की जबकि क्षेत्ररक्षक भी उम्मीद पर खरे नहीं उतरे जिससे विरोधी टीम रेयान टेन डोएशे (119) की अगुआई में छह विकेट पर 292 रन का बड़ा स्कोर खड़ा करने में सफल रही। बल्लेबाजों ने भले ही हॉलैंड के खिलाफ इंग्लैंड की जीत की राह आसान की लेकिन टीम को भारत के खिलाफ 27 फरवरी को बेंगलुरू में होने वाले अपने अगले मैच से पहले गेंदबाजी में सुधार करना होगा क्योंकि मेजबान टीम के बल्लेबाज काफी अच्छी फार्म में है और बांग्लादेश के खिलाफ टीम पहले मैच में 370 रन का स्कोर खड़ा करने में सफल रही थी। लक्ष्य का पीछा करने उतरे इंग्लैंड को स्ट्रास और पीटरसन की सलामी जोड़ी ने सिर्फ 17.4 ओवर में 105 रन जोड़कर तेज शुरुआत दिलाई। स्ट्रास ने विशेषकर आक्रामक रवैया अपनाया और मुदस्सर बुखारी के पहले ओवर में ही तीन चौके जड़कर अपने तेवर दिखाए। पीटरसन ने बेरेंड वेस्टडिक को निशाना बनाया और अपने पांचों चौके इसी गेंदबाज पर जड़े।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
डोएशे, शतक, हालैंड