विज्ञापन
This Article is From Jun 20, 2015

हॉकी वर्ल्ड लीग सेमीफ़ाइनल में भारत की फ्रांस पर रोमांचक जीत

हॉकी वर्ल्ड लीग सेमीफ़ाइनल में भारत की फ्रांस पर रोमांचक जीत
नई दिल्ली: हॉकी वर्ल्ड लीग सेमीफ़ाइनल में एंटवर्प में खेले गए रोमांचक मुक़ाबले में भारत ने फ्रांस को 3-2 से हरा दिया। चौथे क्वार्टर में भारत की ओर से रमनदीप सिंह ने मैच का निर्णायक गोल दागा। रमनदीप सिंह ने जब गोल बनाया तब मैच खत्म होने में महज दो मिनट रह गए थे और इन दो मिनट में फ्रांस बराबरी का गोल नहीं बना सकी।

इससे पहले मुक़ाबले का पहला क्वार्टर फ्रांस के नाम रहा। तीसरे ही मिनट में फ्रांस ने भारतीय टीम को अचरज में डालते हुए बढ़त हासिल कर ली। फ्रांस की ओर से ओलिवर सांचेज ने पहला गोल दागा। पहले हाफ के क्वार्टर फ़ाइनल में फ्रांस के सामने अपनी बढ़त दोगुनी करने का मौका था, लेकिन टीम चूक गई।

दूसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने जोरदार वापसी करते हुए दो गोल दागे। दूसरे क्वार्टर के दसवें मिनट में भारत के मनप्रीत सिंह पेनल्टी कार्नर पर गोल दागकर टीम को बराबरी दिलाई। इसके बाद दो मिनट के बाद ही देविंदर वाल्मिकी ने भारत की ओर से दूसरा गोल दाग दिया। देविंदर वाल्मिकी ने भारत की ओर से डेब्यू मुक़ाबले में अपना पहला गोल बनाया।

तीसरे क्वार्टर में फ्रांस ने वापसी की कोशिशें शुरू की। इस दौरान भारतीय गोलकीपर पी. श्रीजेश ने कई शानदार बचाव किए, लेकिन फ्रांस ने आखिरकार बराबरी का गोल दाग दिया। फ्रांस की ओर से बराबरी का गोल मार्टिन ब्रिसेक सिमोन ने किया। हालांकि चौथे हाफ में रमनदीप सिंह के गोल की बदौलत भारत ये मैच जीतने में कामयाब रहा।

इस जीत के अलावा सरदार सिंह के नेतृत्व में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा नजर आया। गेंद पर करीब 61 फीसदी कब्जा भारतीय खिलाड़ियों का रहा।

वैसे इस मैच में एक साथ पांच भाई खेलते नजर आए। भारत की ओर से देविंदर और युवराज वाल्मिकी खेलने उतरे वहीं फ्रांस की ओर से टाम, ह्यूगो और मार्टिन जेनेस्टेट बंधु इस मैच में खेल रहे थे।

बहरहाल इस जोरदार जीत के साथ भारतीय हॉकी टीम ने टूर्नामेंट में बेहतर प्रदर्शन करने के संकते दे दिए हैं। भारतीय टीम 23 जून को पोलैंड, 26 जून को पाकिस्तान और 28 जून को वर्ल्ड चैंपियन ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगी।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
भारतीय हॉकी टीम, वर्ल्ड हॉकी लीग, सरदार सिंह, फ्रांस, हॉकी, Indian Hockey Team, World Hockey League, Sardar Singh, France, Hockey
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com