विज्ञापन
This Article is From Feb 02, 2013

एचआईएल : जीत की राह पर लौटे विजार्ड्स

उत्तर प्रदेश विजार्ड्स ने हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) में लगातार चार पराजयों से बेजार शनिवार को हार का सिलसिला तोड़ते हुए महत्वपूर्ण मुकाबले में मुंबई मैजीशियंस को 2-0 से हरा दिया।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
लखनऊ: उत्तर प्रदेश विजार्ड्स ने हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) में लगातार चार पराजयों से बेजार शनिवार को हार का सिलसिला तोड़ते हुए महत्वपूर्ण मुकाबले में मुंबई मैजीशियंस को 2-0 से हरा दिया। विजार्ड्स ने काफी सुधरा हुआ खेल दिखाते हुए मैजीशियंस को अपने आक्रमण तथा रक्षण से बेबस कर दिया। इस तरह उत्तर प्रदेश की टीम ने मुंबई से मिली पिछली हार का बदला भी ले लिया।

पहले क्वार्टर के आठवें मिनट में विजार्ड्स के प्रदीप मोर ने जेरोन हर्ट्सबर्जर के पास पर मैजीशियंस की रक्षापक्ति और गोलकीपर को छकाते हुए गोल करके टीम को बढ़त दिलाई। पहला क्वार्टर विजार्ड्स के नाम रहा। दूसरे क्वार्टर के चौथे मिनट में विजार्ड्स को पहला पेनल्टी कार्नर मिला। तुषार खांडेकर के पास पर कप्तान वी रघुनाथ ने शाट मारा जो मैथ्यू बटरनी के घुटने में लगा।

दूसरे प्रयास में एलेक्जेंडर बार्ट ने कोशिश की लेकिन उनका शाट गोलपोस्ट से ऊपर से निकल गया। दूसरे कार्नर में रघुनाथ का शाट मैजीशियंस के संदीप सिंह ने स्टिक अड़ाकर विफल कर दिया। दूसरे क्वार्टर के 15वें मिनट में मैजीशियंस को पहला पेनल्टी कार्नर मिला तो संदीप सिंह कलेक्ट नहीं कर सके। इसके बाद मुंबई ने एक अच्छा मूव बनाया लेकिन सर्वनजीत सिंह चूक गए। हाफ टाइम तक विजार्ड्स 1-0 से आगे रहे।

इस दौरान दोनों टीमों के बीच जबर्दस्त टक्कर दिखी लेकिन विजार्ड्स अपने प्रतिद्वंद्वी के मुकाबले बेहतर दिखे। चौथे क्वार्टर में मैजीशियंस ने कई हमले किए लेकिन विजार्ड्स की रक्षापंक्ति ने उनकी एक नहीं चलने दी।

क्वार्टर के पांचवे मिनट में सिद्धार्थ शंकर ने दाईं तरफ से शानदार मैदानी गोल दागकर विजार्ड्स की बढ़त 2-0 कर दी। उसके बाद तो विजार्ड्स ने प्रतिद्वंद्वी पर धावा ही बोल दिया। इस दौरान नितिन तिमैया ने गेंद हिट की लेकिन वह गोलपोस्ट के ऊपर से निकल गई। आठवें मिनट में गलत तरीके से मैजीशियंस के ग्लेन टर्नर का रास्ता रोके जाने पर मुंबई की टीम को एक और पेनल्टी कार्नर मिला। हालांकि उनके प्रयास को विजार्ड्स की रक्षापंक्ति ने नाकाम कर दिया।

विजार्ड्स ने मैच में वापसी की भरसक कोशिश की लेकिन वे असफल रहे। चौथे क्वार्टर के 12वें मिनट में मैजीशियंस को एक और पेनल्टी कार्नर मिला लेकिन विजार्ड्स ने उसे नाकाम कर दिया। आखिरी मिनट में मैजीशियंस को पेनल्टी कार्नर मिला लेकिन ड्रैग फ्लिकर संदीप सिंह का शाट ऊंचा जाने के साथ ही मैच समाप्त हो गया।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
एचआईएल, मुम्बई मैजिशियंस टीम, विजार्ड्स, HIL, Mumbai Magicians, Wizards
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com