इसके साथ मेहमान टीम ने छह मैचों की श्रृंखला में 3-1 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। एक मैच बेनतीजा रहा था।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
हेम्लिटन:
अहमद शहजाद (115) के शानदार शतक और वहाब रियाज (51/3) की उम्दा गेंदबाजी की बदौलत पाकिस्तानी क्रिकेट टीम ने सिडन पार्क मैदान पर गुरुवार को खेले गए पांचवें एकदिवसीय मुकाबले में न्यूजीलैंड को 41 रनों से हरा दिया। इसके साथ मेहमान टीम ने छह मैचों की श्रृंखला में 3-1 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। एक मैच बेनतीजा रहा था। शहजाद को मैन ऑफ द मैच चुना गया। दो वर्षो में पाकिस्तान ने दूसरी बार कोई श्रृंखला जीती है। श्रृंखला का अंतिम मुकाबला ऑकलैंड के इडन पार्क मैदान पर शनिवार को खेला जाएगा। बहरहाल, टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी पाकिस्तानी टीम द्वारा दिए गए 269 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए मेजबान टीम 46.5 ओवरों में 227 रन बनाकर पेवेलियन लौट गई। यह रियाज, उमर गुल और कप्तान शाहिद अफरीदी की शानदार गेंदबाजी की बदौलत सम्भव हो सका। रियाज ने सर्वाधिक तीन विकेट झटके जबकि गुल और अफरीदी को दो-दो सफलता मिली। शोएब अख्तर भी एक विकेट लेने में सफल रहे। कीवी टीम की ओर से मार्टिन गुपटिल ने पारी की शुरुआत करते हुए 70 गेंदों पर नौ चौकों की मदद से 69 रनों की उपयोगी पारी खेली। पारी के मध्य में कप्तान रॉस टेलर ने भी 91 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की मदद से 69 रन बनाए। बाकी कोई बल्लेबाज अपनी टीम को जीत दिलाने के लिए शत-प्रतिशत प्रदर्शन नहीं कर सका। जेसी राइडर (0), जेमी हाउ (12), ब्रेंडन मैक्लम (9), स्कॉट स्टायरिश (9), जेम्स फ्रेंकलिन (16), नेथन मैक्लम (14), जैकब ओरम (10) और हामिश बैनेट (3) ने निराश किया। काएल मिल्स चार रन बनाकर नाबाद लौटे। इससे पहले, पाकिस्तान ने सलामी बल्लेबाज अहमद शहजाद के बेहतरीन शतक (115) की मदद से न्यूजलैंड के सामने जीत के लिए 269 रनों का लक्ष्य रखा। मैन ऑफ द मैच चुने गए शहजाद ने अपनी पारी में 12 चौके और तीन छक्के लगाए। शहजाद के अलावा उमर अकमल ने 32 और मिसबाह उल हक ने 25 रनों का योगदान दिया। अफरीदी ने भी 20 गेंदों पर एक चौके और एक छक्के की मदद से 24 रन बनाए। न्यूजीलैंड की ओर से मिल्स, ओरम और स्टायरिश ने दो-दो विकेट हासिल किए जबकि मैक्लम को एक विकेट मिला।