न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज स्टीफन फ्लेमिंग और वर्तमान कप्तान डेनियल विटोरी को सोमवार को देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
वेलिंग्टन:
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज स्टीफन फ्लेमिंग और वर्तमान कप्तान डेनियल विटोरी को सोमवार को देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार इंग्लैंड की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय की जन्मतिथि के मौके पर दिया जाता है। फ्लेमिंग इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के चौथे संस्करण में चेन्नई सुपर किंग्स टीम का हिस्सा थे। फ्लेमिंग की मौजूदगी में सुपर किंग्स ने दो बार आईपीएल का खिताब जीता है। विटोरी आईपीएल-4 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर टीम के कप्तान थे। फ्लेमिंग न्यूजीलैंड के सबसे सफल कप्तान हैं जिन्होंने 80 टेस्ट मैच और 218 एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय मैचों में कप्तानी की है। फ्लेमिंग न्यूजीलैंड की ओर से सर्वाधिक टेस्ट खेलने वाले खिलाड़ी भी हैं। उन्होंने 111 टेस्ट मैच खेले हैं। बाएं हाथ से बल्लेबाजी करने वाले फ्लेमिंग ने टेस्ट मैचों में 7,172 रन बनाए हैं जो न्यूजीलैंड की ओर से किसी भी खिलाड़ी द्वारा टेस्ट मैचों में बनाया गया सर्वाधिक है। विटोरी ने 18 वर्ष की उम्र में टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था। वह टेस्ट में पदार्पण करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी हैं। विटोरी ने 272 एकदिवसीय मैचों में 282 विकेट झटके हैं। ऐसा करने वाले न्यूजीलैंड के वह इकलौते गेंदबाज हैं। विटोरी ने 105 टेस्ट मैचों में 345 विकेट चटकाए हैं और इस मामले में वह दूसरे स्थान पर हैं। पहले स्थान पर रिचर्ड हेडली हैं जिन्होंने टेस्ट मैचों में 431 विकेट लिए हैं।