नीदरलैंड के गोलकीपर टिम क्रुल ने पेनल्टी शूटआउट में दो शानदार बचाव किए, जिसकी बदौलत टीम कोस्टा रिका पर 4-3 की जीत से फीफा विश्वकप के अंतिम चार में पहुंचने में सफल रही, जहां उसका सामना अर्जेंटीना से होगा।
अर्जेंटीना ने इससे पहले हुए मुकाबले में गोंजालो हिगुएन के आठवें मिनट में किए गए गोल से बेल्जियम को 1-0 से मात देकर 24 साल बाद सेमीफाइनल में प्रवेश किया। विश्वकप का पहला सेमीफाइनल जर्मनी और ब्राजील के बीच खेला जाएगा।
कोस्टा रिका ने 'ओरांजे' ब्रिगेड के लिए मुश्किल खड़ी करते हुए उन्हें निर्धारित और अतिरिक्त समय में गोल करने से महरूम रखा, जिससे मैच का परिणाम पेनल्टी शूटआउट से निकला। पेनल्टी शूटआउट में नीदरलैंड के चार सीनियर फुटबॉलर कप्तान रोबिन वान पर्सी, आर्येन रोबेन, वेस्ले श्नाइडर और डर्क कुयत ने गोल किए।
न्यूकासल यूनाईटेड के गोलकीपर क्रुल को अतिरिक्त समय के अंत में नियमित गोलकीपर जैस्पर सिलेसन की जगह उतारा गया। उन्होंने कोस्टा रिका के ब्रायन रूइज और माइकल उमाना के गोल का शानदार बचाव कर अपनी टीम को जीत दिलाई। नीदरलैंड के मैनेजर लुईस वान गाल का क्रुल को अतिरिक्त समय के अंत में उतारने का 'मास्टरस्ट्रोक' टीम के लिए लाभदायी साबित हुआ।
कोस्टा रिका की टीम कहीं भी परेशानी में नहीं दिख रही थी और वह मैच के पेनल्टी में जाने से संतुष्ट लग रही थी, क्योंकि गोलकीपर केलर नवास की मदद से उन्होंने अंतिम 16 के मुकाबले के शूटआउट में यूनान को पराजित किया था, लेकिन इस मुकाबले में ऐसा नहीं हुआ।
इस मैच में भी गोलकीपरों की भूमिका अहम रही, नीदरलैंड ने तीन शानदार मौके बनाए, लेकिन कोस्टा रिका के गोलकीपर नवास ने इन सभी का बेहतरीन बचाव किया। उन्होंने पहले हाफ में और अतिरिक्त समय में कई शॉट रोके। वेस्ले श्नाइडर ने नियमित और अतिरिक्त समय के दूसरे हाफ में दो बार गोल करने की कोशिश की। उज्बेकिस्तान के रैफरी रवशान इरमानोव ने रोबेन को दो बार गिराने के लिए नीदरलैंड को फ्री किक प्रदान की।
श्नाइडर 80वें मिनट में फ्री किक पर गोल करने के करीब थे, लेकिन नवास ने उछलकर एक हाथ से इसका अच्छा बचाव किया और पेनल्टी शूटआउट होने से पहले श्नाइडर ने दनदनाता शॉट नवास की ओर भेजा, जिन्होंने इसे नाकाम कर दिया।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं