धोनी ने मंगलवार को साफ किया कि टीम के सबसे अनुभवी गेंदबाज जहीर खान फिट और विश्व कप में खेलने के लिए तैयार हैं।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
चेन्नई:
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने मंगलवार को साफ किया कि टीम के सबसे अनुभवी गेंदबाज जहीर खान फिट और विश्व कप में खेलने के लिए तैयार हैं। धोनी ने कहा कि मांसपेशियों में हल्के खिंचाव के कारण जहीर पहले अभ्यास मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नहीं खेल सके थे। धोनी ने चेपक स्टेडियम में अभ्यास सत्र के बाद पत्रकारों से कहा, "जहीर की जांघ की मांसपेशियों में हल्का खिंचाव था। इसी कारण उन्होंने एनसीए में अंतिम दिन अभ्यास नहीं किया था। हमने एहतियात के तौर पर उन्हें रविवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नहीं खिलाया था। अब वह फिट हैं।" कप्तान ने हालांकि यह नहीं कहा कि जहीर बुधवार को न्यूजीलैंड के साथ होने वाले अभ्यास मैच में खेलेंगे या नहीं लेकिन उन्होंने इतना जरूर कहा कि कीवी टीम के खिलाफ सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग के साथ पारी की शुरुआत करेंगे। धोनी ने कहा, "जैसा कि मैंने पहले भी कहा है जहीर की मांसपेशियों में हल्का खिंचाव है। चिंता की कोई बात नहीं है। हम उन्हें आराम देने के बारे में विचार कर रहे हैं। जहां तक तेंदुलकर की बात है तो वह न्यूजीलैंड के खिलाफ पारी की शुरुआत करेंगे।" भारतीय टीम को बुधवार को कीवी टीम के खिलाफ अपना दूसरा अभ्यास मैच खेलना है। इसके बाद उसे 19 फरवरी को ढाका में बांग्लादेश के खिलाफ अपना पहला ग्रुप मैच खेलना है। यह मैच शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में खेला जाएगा।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
जहीर, विश्व कप, गेंदबाज, धोनी