विज्ञापन
This Article is From Sep 23, 2016

डेविस कप के अगले मुकाबले में न्यूजीलैंड की मेजबानी करेगा भारत

डेविस कप के अगले मुकाबले में न्यूजीलैंड की मेजबानी करेगा भारत
प्रतीकात्‍मक फोटो
  • 2015 में न्‍यूजीलैंड को ही हराकर भारत विश्‍व ग्रुप में पहुंचा था
  • चोटिल युकी भांबरी और सोमदेव इस मैच से कर सकते हैं वापसी
  • पिछले पांच मुकाबलों में न्‍यूजीलैंड से हारी नहीं है भारतीय टीम
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली.: भारत डेविस कप में एशिया ओसियाना ग्रुप एक का अपना मुकाबला तीन से पांच फरवरी के बीच न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सरजमीं पर खेलेगा. भारत ने न्यूजीलैंड को ही 3-2 से हराकर 2015 के सत्र में विश्व ग्रुप प्लेऑफ में जगह बनाई थी.

 भारत को पांच बार के चैंपियन स्पेन के हाथों विश्व ग्रुप प्लेआफ मुकाबले में 0-5 की करारी हार के कारण वापस एशिया ओसियाना क्षेत्रीय मुकाबलों में लौटना पड़ा. भारतीय कप्तान आनंद अमृतराज ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि चोटों के कारण बाहर रहने वाले चोटी के खिलाड़ी इस मुकाबले के लिये वापसी करेंगे.

अमृतराज ने कहा, ‘यह हमारे लिए अच्छा है कि हम स्वदेश में खेलेंगे. उम्मीद है कि युकी भांबरी और सोमदेव देववर्मन टीम में वापसी करेंगे. अभी इस मुकाबले में कुछ महीने का समय है. मैं कोर्ट और स्थल को लेकर जल्द ही एआईटीए से चर्चा करूंगा.’

इस बीच पता चला है कि महाराष्ट्र राज्य लॉन टेनिस संघ इस मुकाबले की मेजबानी करना चाहता है और वह एआईटीएफ को इस संबंध में पत्र भेजेगा. ऐसी स्थिति में पुणे मैच स्थल होगा. भारत पिछले पांच मुकाबलों में न्यूजीलैंड से नहीं हारा है. भारत ने उसे 2015, 2012, 2004, 2003, 2002 में हराया.

इससे पहले उसे तीन अवसरों ( 1978, 1976 और 1975 ) में हार झेलनी पड़ी थी. यदि भारत पहले दौर के इस मुकाबले में जीत दर्ज करता है तो उसे दूसरे दौर में उज्बेकिस्तान और कोरिया के बीच होने वाले मुकाबले से भिड़ना होगा. यदि उज्बेकिस्तान से मुकाबला होता है तो भारत फिर से स्वदेश में खेलेगा लेकिन कोरिया के खिलाफ उसे उसकी सरजमीं पर खेलना होगा. यह मुकाबला सात से नौ अप्रैल के बीच होगा.

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
डेविस कप, भारत, एशिया ओसियाना ग्रुप, न्‍यूजीलैंड, विश्‍व ग्रुप, Davis Cup, India, Asia Oceania Group, New Zealand, World Group
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com