भारतीय जूडो खिलाड़ियों ने 20वें राष्ट्रमंडल खेलों के पहले दिन गुरुवार को शानदार शुरुआत की। स्कॉटिश एग्जिबिशन कान्फ्रेंस सेंटर (एसईसीसी) में हुए मुकाबले में सुशीला लिक्माबाम ने जहां सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया, वहीं मंजीत नैंदल और नवजोत चाना अपने-अपने भारवर्गों के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए।
57 किलोग्राम से कम भारवर्ग के अंतिम-16 दौर के मुकाबले में हालांकि मेरठ की शिवानी को हार का सामना करना पड़ा। शिवानी को कनाडा की जेसिका किमक्लैट ने हराया।
सुशीला ने 48 किलोग्राम से कम भारवर्ग में पहले कैमरून की मारी मेद्जा एफा को अंतिम-16 दौर के मुकाबले में हराया, फिर क्वार्टर फाइनल में ऑस्ट्रेलिया की एमी मेयर को मात देकर वह सेमीफाइनल में पहुंच गईं।
पुरुषों को 66 किलोग्राम से कम भारवर्ग में नैंदल ने शुरुआती दोनों दौर के मुकाबले जीत लिए। अंतिम 32 दौर के मुकाबले में हरियाणा के नैंदल ने माल्टा के जेरेमी सेवेल को तथा अंतिम-16 दौरे के मुकाबले में बारबाडोस के एसा वीदर्स को मात दी।
पंजाब पुलिस में सेवारत चाना ने भी 60 किलोग्राम भारवर्ग में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया के टॉम पप्पास को हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं