विज्ञापन
This Article is From Jan 29, 2015

ऑस्ट्रेलियन ओपन : मारिया शारापोवा और सेरेना विलियम्स में होगी खिताबी भिड़ंत

ऑस्ट्रेलियन ओपन में महिला एकल ताज की खातिर रूस की मारिया शारापोवा और अमेरिका की सेरेना विलियम्स आमने-सामने होंगी, और दोनों खिलाड़ियों ने जिस तरीके से अपने-अपने सेमीफाइनल मुकाबले जीते, उससे साफ है कि इस बार इन दोनों चैम्पियनों के अलावा इस ट्रॉफी का हकदार कोई और है भी नहीं।

अपने करियर में पांच बार ऑस्ट्रेलियन ओपन और कुल 18 ग्रैंड स्लैम जीतने वाली सेरेना विलियम्स ने सेमीफाइनल में अपनी ही देश की मैडिसन कीज़ को 7-6 (7-5), 6-2 से मात दी। युवा मैडिसन कीज़ ने पहले सेट में संघर्ष ज़रूर किया, लेकिन 33 साल की सेरेना हर लिहाज़ से उनसे बेहतर रहीं।

वहीं रूस की मारिया शारापोवा को अपना सेमीफाइनल मुकाबला जीतने में ज़्यादा मशक्कत नहीं करनी पड़ी। उन्होंने अपने ही देश की एकाटरीना माकारोवा को सीधे सेटों में 6-3, 6-2 से मात दी। वर्ष 2008 में ऑस्ट्रेलियन ओपन चैम्पियन रहीं शारापोवा के करियर का यह 10वां ग्रैंड स्लैम फाइनल होगा, और वह अब तक पांच बार खिताब जीती हैं।

इसमें कोई दो राय नहीं कि खिताब के लिए सेरेना ज़्यादा प्रबल दावेदार हैं। ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में सेरेना का रिकॉर्ड लाजवाब रहा है। वह पांच बार ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में पहुंची हैं और पांचों बार चैम्पियन बनीं। इस वक्त सेरेना कुल 18 ग्रैंड स्लैम खिताबों के साथ क्रिस एवर्ट और मार्टिना नवरातिलोवा के साथ बराबरी पर हैं। इन तीनों खिलाड़ियों से आगे बस स्टेफ़ी ग्राफ हैं, जिनके नाम 22 ग्रैंड स्लैम खिताब हैं।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
मारिया शारापोवा, सेरेना विलियम्स, ऑस्ट्रेलियन ओपन, महिला एकल फाइनल, ऑस्ट्रेलियन ओपन फाइनल, Serena Williams, Maria Sharapova, Women Singles Final, Australian Open, Australian Open Final
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com