ऑस्ट्रेलिया की ओर से टीम को धमाकेदार शुरुआत दिलाने की जिम्मेदारी विस्फोटक बल्लेबाज शेन वॉटसन के कंधों पर होगी।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
अहमदाबाद:
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम सोमवार को खेले जाने वाले आईसीसी क्रिकेट विश्व कप-2011 के अपने पहले मुकाबले में जिम्बाब्वे के खिलाफ हर हाल में जीत दर्ज करना चाहेगी। मोटेरा के सरदार पटेल स्टेडियम में दिन-रात का यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। विश्व कप से पहले खेले गए दो अभ्यास मुकाबलों में ऑस्ट्रेलिया को हार का सामना करना पड़ा है। चार बार की विश्व विजेता कंगारू टीम ने हाल में खेले गए कॉमनवेल्थ बैंक श्रृंखला में इंग्लैंड को 6-1 से पटखनी दी थी। ऑस्ट्रेलिया की ओर से टीम को धमाकेदार शुरुआत दिलाने की जिम्मेदारी विस्फोटक बल्लेबाज शेन वॉटसन के कंधों पर होगी। कप्तान रिकी पोंटिंग ने अभ्यास मुकाबलों में अर्द्धशतक लगाकर फॉर्म में आने के संकेत दे दिए हैं वहीं मध्यक्रम की जिम्मेदारी उपकप्तान माइकल क्लार्क और कैमरन व्हाइट तथा कैलम फर्ग्युसन के कंधों पर होगी। तेज गेंदबाजी का आक्रमण अनुभवी गेंदबाज ब्रेट ली सम्भालेंगे। ली ने हाल में लम्बे समय बाद एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की है। इंग्लैंड के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला में ली सर्वाधिक विकेट चटकाकर शीर्ष पर रहे थे। ऑस्ट्रेलियाई टीम में स्पिन की जिम्मेदारी जेसन क्रेजा के कंधों पर होगी। दूसरी ओर, जिम्बाब्वे की कमान एल्टन चिगुम्बुरा के हाथों में है। देखा जाए तो ऑस्ट्रेलिया के सामने जिम्बाब्वे की टीम कहीं भी नहीं टिकती। लेकिन चूंकि क्रिकेट अनिश्चितताओं का खेल है इसलिए कभी भी उलटफेर से इनकार नहीं किया जा सकता। जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी चार्ल्स कोवेन्ट्री, शिंगिराई मासाकाद्जा, क्रेग इर्विन, तातेंदा ताएबू, ब्रेंडन टेलर और चिगुम्बुरा के इर्द-गिर्द घूमेगी वहीं गेंदबाजी का आक्रमण क्रिस मोफू, रे प्राइस और प्रॉस्पर उत्सेया सम्भालेंगे। विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया को पाकिस्तान, न्यूजीलैंड, श्रीलंका, जिम्बाब्वे, कनाडा और केन्या के साथ ग्रुप 'ए' में रखा गया है।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
विश्व कप, जीत, आगाज, ऑस्ट्रेलिया