तेज गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के बाद वाटसन और हाडिन के अर्धशतकीय प्रहारों की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हरा दिया।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नागपुर:
अपने तेज गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के बाद सलामी बल्लेबाज शेन वाटसन और ब्राड हाडिन के अर्धशतकीय प्रहारों की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने विश्व कप ग्रुप ए के मैच में न्यूजीलैंड को सात विकेट से हरा दिया। पहले मैच में जिम्बाब्वे के खिलाफ कड़ी मशक्कत के बाद जीत दर्ज करने वाली चार बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलियाई टीम ने अपने अंतर तस्मानियाई प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ पहली ही गेंद से मैच पर शिकंजा कस लिया था। मिशेल जानसन और शान टैट की शानदार गेंदबाजी के दम पर उसे 45.1 ओवर में सिर्फ 206 रन पर समेटने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने जीत का लक्ष्य 34 ओवर में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया। वाटसन और हाडिन ने टीम को शानदार शुरुआत देते हुए पहले विकेट के लिए 133 रन जोड़े। वाटसन ने 61 गेंद में छह चौकों और एक छक्के की मदद से 62 रन बनाए। वहीं हाडिन ने 50 गेंद में 55 रन की पारी खेली, जिसमें आठ चौके शामिल थे। कप्तान रिकी पोंटिंग (12) सस्ते में आउट हो गए, लेकिन माइकल क्लार्क (नाबाद 24) और कैमरून व्हाइट (नाबाद 22) ने टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया। इससे पहले जानसन और टैट की बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड को 206 रन पर समेट दिया। हालांकि नाथन मैकुलम ने जुझारू अर्धशतकीय खेलकर टीम को शर्मनाक स्कोर पर आउट होने से बचाया।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
क्रिकेट, विश्व कप, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड