अमेरिकी ओपन में लगातार खिताब हैट्रिक लगाने का ऐतिहासिक मौका गंवाने के बाद एरिना सबालेंका ने अपना आपा खो दिया और कोर्ट पर ही अपना गुस्सा उतारा. हार के बाद सबालेंका ने कोर्ट पर अपना रैकेट को पटककर पूरी तरह से तोड़ दिया. जबकि कुछ ही दूरी पर एलेना रिबाकिना अपनी 6-4, 5-7, 6-2 की जीत का जश्न मना रही थीं. चैंपियनशिप पॉइंट जीतने के बाद ब्रॉडकास्ट कैमरा ने चैंपियन को दिखाया. इस दौरान रिबाकिना दर्शकों का अभिवादन कर रही थीं. फिर जब कैमरा सबालेंका पर गया तब वह कोर्ट पर अपना रैकेट पटकती हुईं नजर आईं.इसके बाद सबालेंका एक कैमरामैन पर भी चिल्लाईं, जो हार के बाद उनकी भावनाओं को कैद करने की कोशिश कर रहा था.
हार से खोया आपा
अमेरिकी ओपन का खिताब जीतने के बाद रिबाकिना ने न केवल सबालेंका को लगातार यूएस ओपन जीतने की हैट्रिक बनाने से रोका, बल्कि सोमवार को जब रिबाकिना दुनिया की नंबर 1 खिलाड़ी बनेंगी, तो वह सबालेंका से शीर्ष स्थान छीन लेंगी, जो लगातार 99 हफ्तों से नंबर 1 स्थान पर थीं. कोर्ट पर अपना गुस्सा निकालने पर उन्होंने कहा,"मैं अपना सारा गुस्सा और निराशा को कोर्ट पर ही निकालना चाहती थी. ग्रैंड स्लैम के फाइनल में हारने पर और लगातार तीसरी बार खिताब जीतने से नाकाम रहने पर अपनी भावनाओं पर काबू रखना बहुत मुश्किल होता है."
Rybakina is out here celebrating and Sabalenka is out here destroying her racket 🕊️🕊️🕊️ pic.twitter.com/TqNYLoiscA
— Gio (@jsmove7) September 12, 2026
रायबाकिना की जमकर की तारीफ
सबालेंका ने कहा कि अगर उन्होंने अपनी निराशा व्यक्त न की होती तो शायद उनका व्यवहार अच्छा न होता. पुरस्कार वितरण समारोह के कुछ ही मिनट बाद बेलारूस की 28 वर्षीय खिलाड़ी सबालेंका ने रायबाकिना की प्रशंसा की, लेकिन साथ ही उम्मीदों पर खरा न उतर पाने के लिए खुद को भी कोसा. मुकाबले के बाद उन्होंने पत्रकारों से कहा,"जाहिर है, मैं आज अपने खेल के स्तर से खुश नहीं हूं, लेकिन उसने शानदार सर्विस की. उसने बहुत आक्रामक और बेहतरीन टेनिस खेला. हां, वह आज मुझसे बेहतर खिलाड़ी थी."
छिन जाएगा नंबर-1 का ताज
जब उनसे पूछा गया कि क्या दुनिया की नंबर 2 खिलाड़ी बनने से उन पर से 'टारगेट' हट जाएगा, तो उन्होंने जवाब दिया,"मुझे लगता है कि जब आप खेलने उतरते हैं, तो आप पर सबकी नजरें होती ही हैं. इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि आप नंबर 1 हैं, नंबर 2, 3, 4 या कुछ और. मैं बस कड़ी मेहनत करती रहूंगी और अपने टेनिस और अपने स्तर को बेहतर बनाती रहूंगी. उम्मीद है कि मैं और भी टूर्नामेंट जीतूंगी."
दुनिया की नंबर 1 खिलाड़ी (जो अब यह स्थान खो रही हैं) ने मजाकिया अंदाज में रिबाकिना को डब्लूटीए रैंकिंग में अपने 99 हफ्तों के दबदबे को तोड़ने की चुनौती दी. उन्होंने हंसते हुए कहा,"99? वाह, यह तो कमाल है. देखते हैं कि क्या एलेना मुझे इसमें हरा सकती हैं." "अगर वह इसी तरह खेलती रहीं, तो हां, मैं मुश्किल में पड़ जाऊंगी."
सबालेंका को गलतियां पड़ी भारी
रिबाकिना सोमवार को दुनिया की नंबर 1 खिलाड़ी के तौर पर शुरुआत करेंगी, जिससे शीर्ष पर सबालेंका का दूसरा कार्यकाल समाप्त हो जाएगा. उनका पहला कार्यकाल काफी छोटा था, 2023 में सिर्फ़ आठ हफ़्ते का. 2026 यूएस ओपन में हार का मतलब है कि सबालेंका 2022 के बाद पहली बार बिना किसी टाइटल के ग्रैंड स्लैम सीजन खत्म कर रही हैं. यह सबालेंका के लिए ग्रैंड स्लैम टाइटल जीतने का आखिरी मौका था.
उन्होंने 2023 से हर साल कम से कम एक बार ऐसा किया है. 2023 ऑस्ट्रेलियन ओपन में सबालेंका ने अपना पहला बड़ा टाइटल जीता था, जहां उन्होंने फ़ाइनल में रिबाकिना को हराया था. अमेरिकी ओपन में लगातार चौथी बार फाइनल में खेलते हुए सबालेंका ने 35 ‘अनफोर्स्ड एरर' (खुद गलतियां करना) किए। उनकी इन गलतियों ने मैच के परिणाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
यह भी पढ़ें: मनु भाकर नंबर-4 पर, लेकिन नंबर-1 कौन? 25 मीटर पिस्टल की वर्ल्ड रैंकिंग में टॉप-10 महिला निशानेबाज
यह भी पढ़ें: 'मुझसे पंगा मत लेना', स्मृति मंधाना ने खोला अपने गुस्से का राज, बोलीं- माफ कर दूंगी, मगर भूलूंगी नहीं!
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं