अर्जेंटीना ने फीफा विश्वकप-2014 के ग्रुप-एफ के अपने तीनों मैच जीतकर ग्रुप में शीर्ष पर रहते हुए नॉकआउट दौर में प्रवेश किया, लेकिन अर्जेंटीना के कप्तान एवं स्टार स्ट्राइकर लियोनेल मेसी का मानना है कि अभी टीम को अपने प्रदर्शन में काफी सुधार की जरूरत है।
बुधवार को एस्टेडियो बेइरा रियो में हुए अपने आखिरी ग्रुप मुकाबले में मेसी ने दो गोल कर अर्जेंटीना को नाइजीरिया पर 3-2 से जीत दिलाई।
वेबसाइट 'गोल डॉट कॉम' के अनुसार, मैच के बाद मेसी ने कहा कि उनकी टीम अपने प्रदर्शन में सुधार करना जारी रखेगी। मेसी विश्व कप में अब तक तीन मैचों में चार गोल कर चुके हैं। मेसी का मानना है कि चूंकि अब विश्वकप में अब कठिन दौर के मैच शुरू हो चुके हैं, इसलिए उनकी टीम को अपने प्रदर्शन में सुधार लाना होगा।
मेसी ने संवाददाताओं से कहा, "नाइजीरिया ने दो गोल किए, इसके बावजूद हमने एक बेहतर अर्जेटीना को देखा। अब हमें और बेहतर प्रदर्शन करने की जरूरत है, और हमें अपने प्रदर्शन में लगातार सुधार करना होगा।"
मेसी ने आगे कहा, "मेरे ख्याल से हमने पिछले दो मैचों में काफी सुधार किया है। हम ऐसी टीमों के खिलाफ जीते जिनमें कुछ बेहतरीन खिलाड़ी अच्छा खेल रहे हैं। मैने पहले भी कहा था कि हमारे फॉरवर्ड खिलाड़ियों को अधिक चपलता दिखानी होगी, क्योंकि हम गैप नहीं तलाश पा रहे। हमने आज (बुधवार) वही किया और हमें इस पर आगे भी काम करना होगा ताकि हम अगले मैचों में गोल न खा पाएं।"
अर्जेंटीना टीम ने आखिरी बार 1986 में विश्वकप खिताब जीता था, जबकि 1990 के बाद से वे शीर्ष चार में भी जगह नहीं बना सके हैं।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं