विज्ञापन
This Article is From Dec 15, 2015

तीन एथलीटों सहित 15 भारतीय खिलाड़ियों को रियो का टिकट

तीन एथलीटों सहित 15 भारतीय खिलाड़ियों को रियो का टिकट
विकास गौड़ा (फाइल फोटो)
नई दिल्ली: राजस्थान की एथलीट सपना पूनिया तीसरी भारतीय एथलीट हैं जिन्हें रियो ओलिंपिक्स का टिकट हासिल हो गया है। इसी साल मार्च में जापान के नाओमी सिटी में आयोजित एशियन 20 किलोमीटर चाल स्पर्धा में राजस्थान की सपना ने 1:35:36 (1 घंटा 35 मिनट 36 सेकेंड) का समय निकाला और रेस में वे चौथे स्थान पर रहीं। लेकिन अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स संघ (IAAF) ने क्वालिफाइंग स्टैंडर्ड को कम करने का फैसला किया ताकि ज्यादा से ज्यादा एथलीटों को ओलिंपिक्स में शामिल होने का मौका मिल सके। इसलिए सपना (क्वालिफ़ाइंग स्टैंडर्ड 1 घंटा 36 मिनट) रियो का टिकट हासिल कर सकीं।

क्वालिफाइंग स्टैंडर्ड कम करने से मिला फायदा
दरअसल पिछले महीने IAAF ने 17 स्पर्धाओं में क्वालिफाइंग स्टैंडर्ड को कम करने का फैसला किया जिसका फायदा सपना, डिस्कस थ्रोअर विकास गौड़ा और मैराथन एथलीट नितेन्दर सिंह रावत को मिल गया। डिस्कस थ्रो स्पर्धा का क्वालिफाइंग स्टैंडर्ड 66 से 65 मीटर कर दिया गया। 32 साल के गौड़ा ने इसी साल किंग्सटन (वेस्ट इंडीज) में 65.14 मीटर डिस्कस फेंक कर क्वालिफाई किया। मैराथन के लिए क्वालिफाइंग स्टैंडर्ड  2 घंटा 19 मिनट से घटाकर 2 घंटा 17 मिनट किए जाने की वजह से सेना के नितेन्दर सिंह रावत को रियो का टिकट हासिल हो गया। पिछले महीने दिल्ली में हाफ मैराथन रेस जीतने वाले नितेन्दर सिंह रावत ने कोरिया में आयोजित वर्ल्ड मिलिटरी गेम्स में 2:18:06 (2 घंटा 18 मिनट 6 सेकेंड) का समय निकालकर रियो में अपनी जगह पक्की कर ली।  

कुल 15 भारतीय एथलीट को रियो ओलिंपिक में जगह मिली
अब तक 8 पुरुष और 7 महिलाओं सहित कुल 15 भारतीय एथलीट रियो ओलिंपिक्स में जगह बना चुके हैं। यानी अब तक शूटिंग (8), पुरुष और महिला हॉकी (16+16= 32), तीरंदाजी (4), कुश्ती (1) और एथलेटिक्स (15) के 60 खिलाड़ी रियो का टिकट हासिल कर चुके हैं। लंदन ओलिंपिक्स में कुल 83 भारतीय एथलीटों (60 पुरुष और 23 महिला एथलीट) ने 13 खेलों में हिस्सा लिया था जहां भारत कुल छह पदक (2 रजत+ 4 कांस्य) अपने नाम कर पाया था।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
रियो ओलिंपिक, भारत के 15 खिलाड़ी, रियो का टिकट, सपना पूनिया, विकास गौड़ा, नितेन्दर सिंह रावत, Rio Olympics 2016, 15 Indian Player Selected, Ticket For Rio, Sapna Punia, Vikas Gauda, Nitender Singh Rawat
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com