विज्ञापन

कौन हैं वो सांसद जिन्हें UN से आया बुलावा, संयुक्त राष्ट्र संघ के मंच पर पहली बार देंगे भाषण

संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में जनजाति के अधिकारों पर सम्मेलन होगा. 13 से 17 जुलाई तक होने वाले कार्यक्रम 'EMRIP' में आदिवासी समाज से जुड़ी कई हस्तियां हिस्सा लेंगी.

कौन हैं वो सांसद जिन्हें UN से आया बुलावा, संयुक्त राष्ट्र संघ के मंच पर पहली बार देंगे भाषण
UN मुख्यालय में आयोजित होने वाले आदिवासी लोगों के अधिकारों से जुड़े सम्मेलन में राजकुमार रोत हिस्सा लेंगे.

संयुक्त राष्ट्र (UN) के आदिवासी लोगों के अधिकारों पर विशेषज्ञ मंच का 19वां सत्र 13 से 17 जुलाई को होगा. यह प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन 'Expert Mechanism on the Rights of Indigenous Peoples' (EMRIP) स्विट्जरलैंड के जिनेवा स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में आयोजित होगा. इस कार्यक्रम में आदिवासी के अधिकार और उनकी स्थिति पर चर्चा होगी. खास बात यह है कि इस सम्मेलन के लिए राजस्थान के एक सांसद भी हिस्सा लेंगे. इस सम्मेलन में बांसवाड़ा-डूंगरपुर सीट से बीएपी सांसद राजकुमार रोत का संबोधन होगा. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए लोगों से सुझाव भी मांगे.

राजकुमार रोत ने लोगों से मांगे सुझाव

उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट करते हुए कहा, "यह केवल मेरा नहीं, बल्कि देश के करोड़ों आदिवासियों की आवाज़ को विश्व पटल तक पहुंचाने का अवसर है. मैं आप सभी से आग्रह करता हूं कि जल, जंगल, ज़मीन, संविधान, वनाधिकार, शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कृति, भाषा, विस्थापन या आदिवासी समाज से जुड़े किसी भी महत्वपूर्ण मुद्दे व सुझाव मुझे अवश्य भेजें." रोत ने कहा कि वो लोगों के सुझावों को संयुक्त राष्ट्र के इस वैश्विक मंच पर उठाने का प्रयास करेंगे. 

इस वजह से भी खास है यह मंच

भारत आदिवासी पार्टी की ओर से कहा गया कि यह वही संयुक्त राष्ट्र मंच है, जिसने विश्व आदिवासी दिवस (9 अगस्त) को वैश्विक पहचान दिलाने और दुनिया भर में आदिवासी अधिकारों को मजबूती देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. अब इसी मंच पर सांसद राजकुमार रोत आदिवासी समाज के मुद्दों पर विचार रखेंगे.

2 बार विधायक और एक बार चुने गए सांसद

राजकुमार रोत ने साल 2018 में भारतीय ट्राइबल पार्टी (BTP) से विधानसभा चुनाव लड़ा और चौरासी सीट से जीत दर्ज की थी. इसके बाद भारत आदिवासी पार्टी (BAP) के गठन में अहम भूमिका निभाई. साल 2023 में रोत बीएपी से विधायक बने और फिर 2024 में बांसवाड़ा-डूंगरपुर सीट से चुनाव लड़ा. इस दौरान उन्होंने राजस्थान में जनजाति क्षेत्र के कद्दावर नेता महेंद्रजीत मालवीया को शिकस्त दी थी. 

यह भी पढ़ेंः राजस्थान में प्रसूताओं की मौत का मामला नहीं थम रहा! बांसवाड़ा में 24 घंटे के भीतर ही 2 महिलाओं ने तोड़ा दम


 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
United Nations, Rajkumar Roat, BAP Party, Switzerland, UN Headquarter
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com