विज्ञापन

ड्रम के बाद अब बोरे में मिली पति की लाश, पत्नी की करतूत CCTV में हुई कैद और हुआ बड़ा खुलासा

राजधानी जयपुर में बोरे में अधजली लाश मिलने की सनसनीखेज घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने एक स्पेशल टीम गठित की थी.

ड्रम के बाद अब बोरे में मिली पति की लाश, पत्नी की करतूत CCTV में हुई कैद और हुआ बड़ा खुलासा
CCTV में दिखता है कि महिला अपने नाबालिग बेटे के साथ लाश ले जा रही है
NDTV

जयपुर के करधनी थाना क्षेत्र में प्लास्टिक के बोरे में मिले एक व्यक्ति के अधजले शव के मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है. जयपुर पुलिस ने 12 घंटे के अंदर ही सीसीटीवी फुटेज की मदद से इस हत्या में महिला और उसके नाबालिग बेटे का हाथ होने का पता लगाया. पुलिस ने राजधानी जयपुर में बोरे में अधजली लाश मिलने की गंभीरता को देखते हुए स्पेशल टीम गठित की थी. पुलिस  ने महिला को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया जबकि उसके नाबालिग बेटे को साक्ष्य मिटाने के आरोप में निरुद्ध किया गया है. मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी 35 वर्षीय शेख साहन के रूप में हुई, जो जयपुर में रह रहा था. 

डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया कि 2 अप्रैल को करधनी थाना क्षेत्र के शिवनगर बाइपास के पास एक बोरे में शव मिलने की सूचना मिली थी. मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने देखा कि शव को बुरी तरह जलाकर पहचान मिटाने की कोशिश की गई थी. शव का कुछ हिस्सा बोरे के अंदर और कुछ बाहर था, जिससे मामला संदिग्ध लग रहा था. घटना की जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई थी. साथ ही डॉग स्क्वॉड, एफएसएल और अन्य तकनीकी टीमों की मदद से साक्ष्य जुटाए गए. इसके अलावा आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई.

मृतक की पत्नी ने पूछताछ में अपना अपराध कुबूल कर लिया है

मृतक की पत्नी ने पूछताछ में अपना अपराध कुबूल कर लिया है
Photo Credit: NDTV

रात 3 बजे ठेले पर शव को फेंका

जांच के दौरान सामने आया कि एक महिला और एक किशोर रात करीब 3 बजे साइकिल रिक्शा में शव को बोरे में डालकर घटनास्थल पर फेंकने आए थे. इसके बाद पुलिस टीम ने फुटेज के आधार पर संदिग्धों का पीछा करते हुए मृतक की पहचान की. 

जांच में सामने आया कि वह अक्सर शराब के नशे में पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट करता था. पूछताछ में आरोपी पत्नी मौसमी ने कबूल किया कि पति की रोजाना मारपीट से तंग आकर उसने 2 अप्रैल की रात हथौड़े से सिर पर वार कर और रस्सी से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी. 

इसके बाद बेटे के साथ मिलकर शव को बोरे में डालकर सुनसान जगह पर फेंक दिया और पहचान छिपाने के लिए पेट्रोल डालकर जला दिया. पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और नाबालिग बेटे को निरुद्ध किया गया है. मामले में आगे की जांच जारी है.

ये भी पढ़ें-: Honor Killing: लड़की अपने ही रिश्तेदार लड़के के साथ रिलेशनशिप में थी, हत्या के बाद शव दफनाने जा रहा परिवार पकड़ा गया

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com