पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपने खिलाफ वायरल हुए वीडियो को एक बार फिर फर्जी बताते हुए इस साजिश के पीछे के लोगों की पहचान करने को कहा है. मुख्यमंत्री पहले ही डीजीपी को निर्देश दे चुके हैं कि इस साजिश के पीछे शामिल लोगों की पहचान की जाए और दोषियों को दुनिया के किसी भी कोने से ढूंढकर कानून के सामने लाया जाए. सरकार ने साफ किया है कि पंजाब में झूठ, फर्जीवाड़े और साजिश की राजनीति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
गौरतलब है कि भगवंत मान कह चुके हैं कि वायरल वीडियो में दिखाई देने वाला व्यक्ति वह नहीं, बल्कि उनके जैसा दिखने वाला एक एक्टर है. दरअसल सरकार की ओर से फॉरेंसिक जांच में 1191 फ्रेम की जांच की गई और एक भी फ्रेम मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान से मेल नहीं खाता. इस मामले में सरकार और आम आदमी पार्टी से जुड़े लोग लगातार दावा कर रहे हैं कि भगवंत सिंह मान सरकार ने पिछले चार वर्षों में सिख धर्म और पंजाब की विरासत के सम्मान के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं.
गुरुओं की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने, धार्मिक स्थलों के विकास और पंजाब की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है. ऐसे में राजनीतिक हताशा में मुख्यमंत्री की छवि खराब करने के लिए इस तरह का फर्जी वीडियो बनाकर वायरल किया गया है.
पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा और आम आदमी पार्टी प्रवक्ता बलतेज पन्नू ने पिछले दिनों प्रेस कॉन्फ्रेंस कर में कहा था कि कुछ 'पंथ विरोधी ताकतें' पंजाब का माहौल बिगाड़ने और धार्मिक भावनाओं को भड़काने की कोशिश कर रही हैं. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की छवि बिगाड़ने के लिए साजिश रची गई है लेकिन तकनीकी और फॉरेंसिक जांच से सच सामने आ गया है.
गौरतलब है कि पंजाब में कुछ महीने बाद ही विधानसभा चुनाव होने हैं इसलिए भी विपक्ष इसे लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान को घेरने में जुटा है. पंजाब राज्य चुनाव आयोग ने होशियारपुर नगर निगम समेत 4 शहरी स्थानीय निकायों में आम चुनाव और राज्य भर में जिला परिषद व पंचायत समिति चुनावों की तारीखों का ऐलान कर दिया है. यानी राज्य में चुनाव का माहौल अभी से बन चुका है इसलिए भी इस वीडियो को लेकर सियासत गरमाई हुई है.
यह भी पढ़ें: ‘हाइट का मेल नहीं, कंधे-पोश्चर भी अलग...विवादित वीडियो में भगवंत मान नहीं', AAP ने दिखाई फॉरेंसिक रिपोर्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं