विज्ञापन

आम आदमी पार्टी कोई पार्टी नहीं, आंदोलन, क्रांति, स्वतंत्रता और देश को तरक्की देने का नाम है- केजरीवाल

आम आदमी पार्टी ने गुजरात की जनता से राज्य में अपनी सरकार बनाने की अपील की है. दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आने वाले समय में जिला परिषद के चुनाव हैं और वो आम लोगों को टिकट देंगे.

आम आदमी पार्टी कोई पार्टी नहीं, आंदोलन, क्रांति, स्वतंत्रता और देश को तरक्की देने का नाम है- केजरीवाल
गुजरात में अरविंद केजरीवाल
अमरेली:

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के सीएम भगवंत सिंह मान के साथ गुजरात के अमरेली में ‘विजय विश्वास सभा' में बीजेपी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने जनता का आह्वान करते हुए कहा कि इस बार किसी पार्टी या नेता के नाम पर वोट मत दो, बल्कि अपने आपको वोट दो और अपनी सरकार बनाओ. उन्होंने कहा कि अगर गुजरात में भी ‘‘आप'' के नेतृत्व में जनता की सरकार बन गई तो पूरे राज्य का नक्शा बदल जाएगा.


अरविंद केजरीवाल नेआरोप लगाया कि राज्य सरकार द्वारा बनवाई गई सड़क तीन दिन में टूट जाती है. उन्होंने कहा कि इस बार गुजरात की जनता अपने आपको को वोट दो, जनता की सरकार बनाओ. इस बार किसी पार्टी या नेता के नाम पर वोट मत दो. पंजाब के लोगों ने अपनी सरकार बनाई है. आम आदमी पार्टी कोई पार्टी नहीं है, बल्कि आंदोलन, क्रांति, स्वतंत्रता आंदोलन और इस देश को तरक्की देने का नाम है. भगवंत मान किसान के बेटे हैं. मेरे पिता भी नेता नहीं थे. ईशुदान गढ़ी, गोपाल इटालिया, चैतर वसावा, विनोद सोहरठिया समेत ‘‘आप'' के सभी नेताओं के घर में पहले कोई नेता नहीं था. हम आम लोग हैं. इसलिए पंजाब में आम आदमी पार्टी के आम लोगों की सरकार है और किसान का बेटा मुख्यमंत्री है.

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब में 117 में से आम आदमी पार्टी के 96 विधायक हैं. इनमें 80 से ज्यादा पहली बार आम घरों के लड़के-लड़कियां विधायक बने हैं. आम आदमी पार्टी सिर्फ आम घरों के बच्चों को टिकट देती है. आम लोगों के मुद्दे उठाती है और आम लोगों की सरकार बनाती है. गुजरात की तरह पंजाब भी किसानों की धरती है. पंजाब में किसानों के लिए काम होता है. गुजरात में आधी रात में किसानों को बिजली मिलती है, लेकिन पंजाब में दिन में 8 घंटे बिजली मिलती है. सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक बिजली आती है. पहले नहीं आती थी, लेकिन किसान के बेटे ने मुख्यमंत्री बनते ही सारा सिस्टम बदल दिया.


केजरीवाल ने कहा कि पहले पंजाब की कुल कृषि भूमि में से सिर्फ 20 फीसद ही नहर से सिंचाई होती थी. लेकिन अब 70 फीसद खेतों तक नहरी पानी पहुंच रहा है और अगले साल तक 90 फीसद खेतों तक पानी पहुंच जाएगा. पूरे देश में पंजाब इकलौता राज्य है, जहां खेती के लिए बिजली मुफ्त मिलती है.पंजाब में जनता की सरकार है, जो 24 घंटे जनता के बारे में सोचती है. पंजाब में मंडी में आने वाली किसानों की सारी फसल सरकार खरीदती है, किसी को वापस नहीं भेजती है और घर पहुंचने से पहले उसके खाते में पैसे आ जाते हैं. लेकिन गुजरात में तीन-तीन महीने तक किसानों को फसल का पैसा नहीं मिलता है. क्योंकि नेताओं को किसानों की परवाह ही नहीं है. 

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 2022 में सौराष्ट्र की जनता ने 48 में से 40 सीट बीजेपी को दी तो 4 सीट आम आदमी पार्टी को भी दी और गुजरात में ‘‘आप'' का खाता खोला. अगर गुजरात के लोग आम आदमी पार्टी की अपनी सरकार बना लेंगे तो गुजरात का नक्शा बदल जाएगा.

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब में इतने काम इसलिए हो रहे हैं, क्योंकि एक रुपए का भ्रष्टाचार नहीं होने देते हैं. बुधवार सुबह ही मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने अपनी ही पार्टी के एक विधायक को गिरफ्तार कर जेल में डाल दिया, क्योंकि वह भ्रष्टाचार कर रहा था. कभी नहीं सुना गया था कि कोई पार्टी अपने ही विधायक को गलत काम करने पर जेल में डालती है. अगर किसी विधायक के भ्रष्टाचार के बारे में पता चलता है तो मुख्यमंत्री बुलाकर कहता है कि कमाई का हिस्सा मुझे क्यों नहीं दिया? लेकिन भगवंत मान ऐसे विधायक को पकड़ कर जेल में डालते हैं कि उसने जनता का पैसा चोरी करने की हिम्मत कैसे की? पंजाब में ‘‘आप'' सरकार ने भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म कर दिया। सरकार का एक-एक पैसा जनता के ऊपर खर्च हो रहा है.

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हम 24 घंटे जनता के बारे में सोचते हैं कि और क्या काम करें? आज इलाज बहुत महंगा हो गया है. सिटी स्कैन समेत कई जांचें बहुत महंगी हैं। दवाई और एमआरआई में हजारों रुपए खर्च होते हैं. कैंसर में लाखों रुपए लग जाते हैं. गरीब आदमी कहां से पैसे लाएगा? भगवंत मान ने ऐसी व्यवस्था कर दी है कि अब जिस अस्पताल में मुख्यमंत्री का इलाज होता है, उसी में आम आदमी का भी इलाज हो रहा है. क्योंकि पंजाब के 63 लाख परिवारों को 10 लाख रुपए का स्वास्थ्य बीमा कर दिया. 


अरविंद केजरीवाल ने कहा कि गुजरात में जिला परिषद के चुनाव हैं. इस चुनाव में आम घरों के बच्चों को टिकट देंगे. ‘‘आप'' के नेताओं के बच्चों, भाई या रिश्तेदार को टिकट नहीं मिलेगा. आम लोगों को आम आदमी पार्टी चलानी है और अपनी सरकार बनानी है. जिला परिषद का चुनाव विधानसभा का सेमीफाइनल है. डेढ़ साल बाद विधानसभा का चुनाव है. इससे पहले जिला परिषद में आम आदमी पार्टी को जिताकर अपनी सरकार बनानी है और अपने बच्चों को पंचायतों और नगर पालिका में भेजा है और हम सभी को मिलकर गुजरात को तरक्की के रास्ते पर लेकर जाना है.

वहीं, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि आम लोगों की भलाई के लिए आम आदमी पार्टी बनी है. जब दिल्ली में ‘‘आप'' की सरकार थी, तब वहां सरकारी स्कूल बहुत अच्छे हो गए थे. मोहल्ला क्लीनिक में मुफ्त दवाई और गरीबों को मुफ्त इलाज मिलता था. झुग्गी झोपड़ी में रहने वालों की जिंदगी में सुधार आ गया था और लोगों को रोजगार मिल रहे थे.

भगवंत मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी केवल वादे नहीं करती, बल्कि गारंटियां देती है और उन्हें पूरा भी करती है. आज पंजाब में 90 फीसदी घरों का बिजली बिल जीरो आता है. पंजाब में किसानों को बिल्कुल मुफ्त बिजली मिलती है और वह भी दिन के समय. किसान सुबह 10 बजे खेत में जाता है और शाम को छह बजे अपना ट्यूबवेल बंद करके घर आ जाता है, जैसे किसी दफ्तर की छुट्टी हो गई हो. हम किसानों को यही इज्जत और सम्मान देते हैं.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com