विज्ञापन
This Article is From Jul 02, 2016

लालू ने दी इफ्तार पार्टी, नीतीश और मांझी आसपास बैठे

लालू ने दी इफ्तार पार्टी, नीतीश और मांझी आसपास बैठे
नीतीश कुमार के साथ लालू प्रसाद यादव।
पटना: राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव द्वारा आज यहां आयोजित इफ्तार पार्टी में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी और प्रसिद्ध वकील एवं राजद सांसद राम जेठमलानी सहित विभिन्न दलों के नेता शामिल हुए।

तेजप्रसाद के सरकारी बंगले में हुआ आयोजन  
इफ्तार पार्टी का आयोजन लालू के बड़े बेटे और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री तेजप्रताप यादव के सरकारी बंगले पर किया गया। इफ्तार पार्टी में कई प्रमुख नेता मौजूद थे। विधानसभा के अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी और विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह भी वहां मौजूद थे।

नीतीश ने लालू को दी बधाई
लंबे समय बाद नीतीश और मांझी आसपास बैठे और दोनों नेताओं ने कहा कि यह एक सामाजिक अवसर है जिसमें विभिन्न दलों और जीवन के अलग-अलग क्षेत्र के लोगों की मौजूदगी स्वभाविक है। मुख्यमंत्री ने मांझी के साथ होने को लेकर पूछे जाने पर कहा, ‘‘यह एक सामाजिक अवसर है जिससें हर कोई शामिल होता है। उन्होंने इफ्तार पार्टी के आयोजन के लिए लालू यादव को बधाई दी।

मांझी ने कहा, राजनीति के चश्मे से न देखें
मांझी ने भी संवाददाताओं से कहा कि ‘‘इस तरह के आयोजन को राजनीति के चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए।’’ भाजपा की सहयोगी हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के प्रमुख मांझी ने कहा कि वह कार्यक्रम में इसलिए शामिल हुए क्योंकि हाल में लालू भी उनके द्वारा आयोजित इस तरह के एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे।

लालू बने रहे कुशल मेजबान
लालू ने कुशल मेजबान की भूमिका निभाई और अतिथियों को सहज महसूस कराने के लिए इधर से उधर घूमते दिखे। राजद अध्यक्ष ने संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने भाजपा नेताओं को भी निमंत्रण दिया था ‘‘लेकिन वे पार्टी से निकाले जाने के डर से नहीं आए।’’ हाल में राजद के टिकट पर राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए प्रसिद्ध वकील राम जेठमलानी इफ्तार पार्टी के दौरान लालू के साथ बैठे हुए थे।

लालू की पत्नी एवं पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, सांसद बेटी मीसा भारती, छोटे बेटे तथा उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और तेज प्रताप लालू के साथ मेहमानों का स्वागत कर रहे थे और उनके साथ घुलमिल कर बातें कर रहे थे।

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
लालू प्रसाद यादव, इफ्तार पार्टी, पटना, नीतीश कुमार, जीतनराम मांझी, Lalu Prasad Yadav, Iftar Party, Patna, Nitish Kumar, Jitan Manjhi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com