विज्ञापन
This Article is From Jul 22, 2016

अब नीतीश कुमार के बिहार में कथित तौर पर दलित युवकों की पिटाई और मुंह पर पेशाब करने का आरोप

अब नीतीश कुमार के बिहार में कथित तौर पर दलित युवकों की पिटाई और मुंह पर पेशाब करने का आरोप
प्रतीकात्मक तस्वीर
  • मुजफ्फरपुर के पारू थाना क्षेत्र में दलितों पर लगा बाइक चोरी के आरोप
  • एक पीड़ित युवक की मां ने इस बारे में एफआईआर दर्ज कराई
  • मां ने कहा, बेटा बाबूटोला गांव में अन्नपूर्णा महायज्ञ देखने गया था
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के पारू थाना क्षेत्र में बाइक चोरी के आरोप में न केवल दो दलित युवकों की पिटाई की गई, बल्कि आरोप है कि उनके मुंह में पेशाब भी किया गया। एक पीड़ित युवक की मां ने पारू थाना में इस बारे में एक प्राथमिकी दर्ज कराई है।

पुलिस के अनुसार, मठिया टोला गांव निवासी सुनीता देवी द्वारा पारू थाना में दर्ज कराई गई प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि उसका पुत्र राजीव कुमार पासवान अपने दोस्त मुन्ना पासवान के साथ बुधवार शाम बाबूटोला गांव में अन्नपूर्णा महायज्ञ देखने गया था। इस दौरान उत्तरी पारू पंचायत की मुखिया के पति मुकेश ठाकुर अपने कई सहयोगियों के साथ वहां पहुंचे और दोनों युवकों पर बाइक चोरी करने का आरोप लगाते हुए उनकी पिटाई की।

आरोप है कि इस दौरान जातिसूचक गालियां भी दी गईं। महिला ने आरोप लगाया कि मुकेश के कहने पर ही मुखिया के भतीजे ने पीड़ित युवकों के मुंह में पेशाब किया।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सुनीता देवी के बयान के आधार पर पारू थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, जिसमें मुखिया के पति सहित 11 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है।

उधर, मुखिया के पति मुकेश ठाकुर ने इन सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि घटना की रात वह उस जगह पर मौजूद नहीं थे। उन्होंने कहा कि एक सोची-समझी साजिश के तहत उन्हें फंसाया जा रहा है।

मुजफ्फरपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार ने शुक्रवार को कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कानून सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
बिहार, मुजफ्फरपुर, पारू थाना, दलित की पिटाई, दलित उत्पीड़न, Bihar, Mujaffarnar, Dalit Beaten Up, Dalit Attrocity
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com