PM Modi Playing Football With Children During Sikkim Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सिक्किम दौरे के दौरान गंगटोक में मंगलवार की सुबह स्थानीय किशोर लड़के और लड़कियों के साथ फुटबॉल खेलने का आनंद लिया. पीएम मोदी ने इस दौरान युवा खिलाड़ियों से बातचीत करते हुए कहा कि भारत ओलंपिक की मेजबानी हासिल करने की कोशिश कर रहा है. आप सभी तैयार रहिए. प्रधानमंत्री ने युवा खिलाड़ियों से बातचीत का वीडियो अपने एक्स अकाउंट पर शेयर किया है.
वीडियो में पीएम कहते हैं, "मुझे क्या आपलोग फुटबॉल खेलना सीखाएंगे. ऐसा तो नहीं कि आपलोग मुझे हरा देंगे."
A football morning in Gangtok! We learnt, we played, we celebrated and above everything else, we enjoyed the game…. pic.twitter.com/rZ0jLey5u7
— Narendra Modi (@narendramodi) April 28, 2026
पीएम ने एक बच्चे से कहा कि आप अच्छे कोच बन सकते हैं. प्रधानमंत्री ने आगे कहा, "खेलने के लिए सिर्फ अभ्यास काफी नहीं है. मैच होना चाहिए. इससे हम सीखते हैं. हममें जुनून पैदा होता है. आने वाले दिनों में इसे लोकप्रिय बनाना है. आपको पता होगा भारत ओलंपिक की मेजबानी हासिल करने का प्रयास कर रहा है. उस समय तक आपलोग परिपक्व खिलाड़ी बन जाएंगे. इसलिए आप सभी को अभी से बेहतर करना का प्रयास करना चाहिए और अपनी तैयारी ओलंपिक खेलने के उद्देश्य से तैयारी करिए."

Photo Credit: PTI
पीएम मोदी बच्चों के साथ फुटबॉल खेलते हुए नजर आए और खिलाड़ियों के बीच से गेंद निकालते हुए कई गोल भी किए. इससे पहले पीएम ने अपने एक्स अकाउंट पर कुछ तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा था, "गंगटोक की एक प्यारी सुबह, सिक्किम में अपने नन्हे दोस्तों के साथ फुटबॉल खेलने का मजा ही कुछ और है."

Photo Credit: PTI
एक अन्य पोस्ट में उन्होंने लिखा, "इन युवाओं के साथ फुटबॉल का एक जबरदस्त सेशन." प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों को फुटबॉल पर अपना ऑटोग्राफ भी दिया.
पीएम 27 अप्रैल की शाम को गंगटोक पहुंचे थे. उनका मंगलवार का कार्यक्रम काफी व्यस्त रहने वाला है. बच्चों के साथ समय बिताने के बाद प्रधानमंत्री गंगटोक स्थित ऑर्किडेरियम का दौरा करेंगे. वह पालजोर स्टेडियम में सिक्किम के राज्य स्थापना के 50वें वर्ष के समारोह के समापन समारोह में भाग लेंगे, जहां वे राज्य भर में 4,000 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शुभारंभ और शिलान्यास करेंगे. इस अवसर पर वे सभा को संबोधित भी करेंगे.
ये परियोजनाएं बुनियादी ढांचे, संपर्क, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, बिजली, शहरी विकास, पर्यावरण, पर्यटन और कृषि सहित कई क्षेत्रों को कवर करती हैं, और इनका उद्देश्य सिक्किम में समग्र और समावेशी विकास को गति देना है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं