भारतीय पैरालंपिक समिति (पीसीआई) ने कोच नवल सिंह की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी हैं. यह फैसला तब लिया गया जब पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता सुमित अंतिल ने भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) को दी गई एक शिकायत में द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता नवल सिंह पर मानसिक उत्पीड़न और मौखिक दुर्व्यवहार का आरोप लगाया. पीसीआई के अध्यक्ष देवेंद्र झाझड़ियां ने शुक्रवार को लिखे गए एक पत्र में कहा कि नवल को पैरालंपिक समिति की सभी गतिविधियों से हटा दिया गया है.
पत्र में कहा गया, 'पैरालंपिक पदक विजेता सुमित अंतिल और कई अन्य लोगों से कोच श्री नवल सिंह द्वारा कथित दुराचार, अनुचित व्यवहार और उत्पीड़न के संबंध में शिकायतें मिलने पर, मामले की सावधानीपूर्वक समीक्षा की गई. शिकायतों की विधिवत जांच की गई और एथलीटों को अपनी चिंताओं को सामने रखने का उचित अवसर दिया गया.'
इसमें कहा गया, 'चूंकि आरोप गंभीर थे और अनुचित व्यवहार के शुरुआती सबूत मिले थे इसलिए पीसीआई ने एक आपातकालीन बैठक बुलाई. मौखिक सुनवाई और लिखित शिकायतों की समीक्षा करने के बाद तथा चिंताओं की गंभीरता और एथलीटों के हितों की रक्षा करने व उचित मानकों को बनाए रखने की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए समिति ने पाया कि कथित आचरण अपेक्षित मानकों के अनुरूप नहीं था.'
झाझड़िया ने पत्र में लिखा, 'इसलिए समिति ने सर्वसम्मति से कोच नवल सिंह की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त करने और उन्हें पैरालंपिक समिति की सभी गतिविधियों से हटाने का फ़ैसला किया.'
यह भी पढ़ें- FIFA World Cup 2026: ये 'अप्रैल फूल' प्रैंक नहीं, क्रिकेट वर्ल्ड कप खेलने वाली इटली, फुटबॉल वर्ल्ड कप से बाहर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं