युवा निशानेबाज मनु भाकर स्वतंत्रता के बाद ओलंपिक के एक ही सत्र में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय बन गई हैं. मनु के अलावा पहलवान सुशील कुमार और पीवी सिंधू ने भी दो ओलंपिक पदक जीते है लेकिन यह पदक अलग-अलग वर्षों में आये है. भारतीय निशानेबाज मनु भाकर और सरबजोत सिंह ने 2024 पेरिस ओलंपिक में 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया. इस जोड़ी ने मंगलवार को एक रोमांचक मैच में धीमी शुरुआत से उबरते हुए दक्षिण कोरिया को 16-10 से हराकर लचीलेपन और संयम का प्रदर्शन किया.
ऐसे जीता मनु भाकर ने दूसरा मेडल
मुकाबले की शुरुआत भारतीय जोड़ी के बैकफुट पर होने के साथ हुई और वह पहली सीरीज हार गई. हालांकि, भाकर और सिंह ने असाधारण कौशल और टीम वर्क का प्रदर्शन करते हुए जल्दी ही अपनी स्थिति वापस पा ली. उन्होंने तीसरी सीरीज़ में 4-2 से बढ़त बनाते हुए नियंत्रण हासिल कर लिया और पांच सीरीज़ के बाद अपनी बढ़त को 8-2 तक बढ़ा दिया. दक्षिण कोरिया ने वापसी की कोशिश की और आठवीं सीरीज़ तक अंतर को 6-10 तक कम कर दिया, लेकिन भाकर और सिंह डटे रहे.
भारतीय निशानेबाजों ने 16-10 के निर्णायक अंतर से जीत दर्ज की और भारत के लिए खेलों का दूसरा पदक हासिल किया. यह मनु भाकर का ओलंपिक का दूसरा पदक है. मनु एक ही ओलंपिक में जो पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी हैं. इसके अलावा वो ओलंपिक के एक ही संस्करण में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय निशानेबाज हैं. वहीं मनु दो ओलंपिक पदक जीतने वाली तीसरी भारतीय हैं. उनसे पहले सुशील कुमार और पीवी सिंधु यह कारनामा कर चुके हैं. हालांकि, सुशील और सिंधु ने दो अलग-अलग ओलंपिक में पदक जीते हैं.
सुशील कुमार
पहलवान सुशील कुमार ने व्यक्तिगत स्पर्धा में भारत के लिए दो बार ओलंपिक पदक जीता है. 2008 बीजिंग ओलंपिक में उनके कांस्य पदक अपने नाम किया था, जबकि 2012 लंदन ओलंपिक में पहली बार कुश्ती में रजत पदक हासिल करके अपनी उपलब्धि में सुधार किया. सुशील भारत के ऐसे पहले पहलवान थे, जिन्होंने ओलंपिक में दो मेडल जीते हैं.
पीवी सिंधू
भारत की महानतम बैडमिंटन खिलाड़ियों में शामिल पी वी सिंधू रियो डि जिनेरियो में 2016 ओलंपिक में रजत पदक जीतने वाली देश की पहली शटलर बनीं. हैदराबाद की इस खिलाड़ी ने इसके तीन साल बाद तोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीता था. साल 2019 की विश्व चैंपियन सिंधू अब तीन ओलंपिक पदक जीतने वाली भारतीय एथलीट बनने की उपलब्धि की ओर बढ़ रही है. वह पेरिस ओलंपिक में महिला एकल में पदक की दावेदारों में शामिल है.
मनु भाकर
मनु ने पेरिस खेलों में दो पदक जीतकर सिंधू और सुशील की बराबरी करने के साथ एक ही ओलंपिक में इस उपलब्धि को हासिल करने वाली पहली भारतीय बन गयी. मनु ने शानदार एकाग्रता और मजबूत मानसिकता का परिचय देते हुए महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य जीतने के बाद मंगलवार को सरबजोत सिंह के साथ 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम वर्ग में दक्षिण कोरिया को हराकर अपना दूसरा कांस्य पदक जीता. तीन साल पहले तोक्यो ओलंपिक में पिस्टल खराब होने के कारण नम आंखों के साथ वापस आने वाली मुन के पास पेरिस में तीसरा पदक जीतने का भी मौका है. मनु को अभी 25 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में चुनौती पेश करनी है.
यह भी पढ़ें: PM Modi to Sarabjot Singh: "देश का नाम भी बड़ा किया और मान भी..." पदक जीतने के बाद पीएम मोदी ने की सरबजोत सिंह से बात
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं