विज्ञापन

CWG 2026: जूडोका तूलिका मान को नाडा ने किया सस्पेंड, ग्लासगो से बाहर, बर्मिंघम में जीता था सिल्वर मेडल

भारतीय दल को लगातार दूसरे दिन एक और झटका लगा है. जूडोका खिलाड़ी तूलिका मान को नाडा ने सस्पेंड कर दिया है और वो जारी राष्ट्रमंडल खेलों से बाहर हो गई हैं.

CWG 2026: जूडोका तूलिका मान को नाडा ने किया सस्पेंड, ग्लासगो से बाहर, बर्मिंघम में जीता था सिल्वर मेडल
NADA Suspended Birmingham Silved medallist Tulika Maan

राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (नाडा) ने बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल 2022 की रजत पदक विजेता जूडोका तूलिका मान को पिछले 12 महीनों में तीन बार रहने के स्थान की जानकारी देने में नाकाम रहने के कारण अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है जिससे उन्हें ग्लासगो में चल रहे राष्ट्रमंडल खेलों से भारतीय टीम से बाहर कर दिया गया है. तूलिका ने 2022 के बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में 78 किग्रा से अधिक वजन वर्ग में रजत पदक जीता था और इस बार भी वह पदक की प्रबल दावेदार थीं.

एक जूडो कोच ने गोपनीयता की शर्त पर पीटीआई से कहा,"वह 12 महीनों के भीतर तीन बार रहने के स्थान की जानकारी देने में नाकाम रहीं और नाडा ने उन्हें नोटिस भेजा है. इसलिए उन्हें टीम से बाहर किया जाएगा."

इससे पहले, बृहस्पतिवार को एक अन्य भारतीय जूडोका अरुण कुमार को भी बाहर कर दिया गया क्योंकि वह प्रतियोगिता से बाहर लिए गए डोप टेस्ट में विफल पाए गए. अरुण 73 किग्रा से कम वजन वर्ग में चुनौती पेश करते हैं और उन्होंने पिछले महीने किंगदाओ ग्रां प्री में हिस्सा लिया था. राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (नाडा) ने एनाबोलिक स्टेरॉयड के लिए पॉजिटिव पाए जाने के बाद उन्हें अस्थाई तौर पर निलंबित किया है. भारतीय जूडो महासंघ से जुड़े एक सूत्र ने पीटीआई को बताया,"निलंबन की अधिसूचना आ गई है. हमें उन्हें हटाना पड़ा."

जूडो दल अभी ग्लास्गो के लिए रवाना नहीं हुआ है क्योंकि उनकी प्रतियोगिता 31 जुलाई से शुरू होगी. टीम का 27 जुलाई को रवाना होने का कार्यक्रम है. भारत ने जूडो के लिए 14 सदस्यीय मजबूत टीम चुनी थी जिसमें सात पुरुष और इतनी ही महिला खिलाड़ी शामिल थीं. 

इक्कीस साल के अरुण ने पिछले साल ताइपे एशियाई ओपन में स्वर्ण पदक जीता था. भारत के जूडो खिलाड़ियों ने पिछले राष्ट्रमंडल खेलों में तीन पदक जीते थे. बर्मिंघम 2022 में भारत के छह सदस्यीय दल ने दो रजत और एक कांस्य सहित तीन पदक जीते थे. ग्लास्गो खेलों की तैयारी के लिए जूडो खिलाड़ियों ने 17 जुलाई तक जापान के साकुबा विश्वविद्यालय में ट्रेनिंग की.

यह भी पढ़ें: CWG 2026: पहले ही दिन पुतुल सोनोवाल ने किया बड़ा उलटपेर, वर्ल्ड चैंपियन खिलाड़ी को हराया

यह भी पढ़ें: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026: भारत को लगे बड़े झटके, वेटलिफ्टिंग में घटा कोटा, जूडो खिलाड़ी भी बाहर, जानें क्या है कारण

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Commonwealth Games 2026, Other Sports
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com