विज्ञापन

CWG 2026: 100 मीटर स्प्रिंट के मेगा मुकाबले में पहली ही बार में दिलीप और मोहम्मद बासिल ने रचा इतिहास

भारतीय बॉक्सर्स ग्लासगो में इतिहास रच रहे हैं. सातवें दिन 6 भारतीय बॉक्सर्स रिंग में उतरे और सभी ने सेमीफ़ाइनल में जगह बनाकर पदक पक्का कर लिया. भारत के 14 में से 10 बॉक्सर्स सेमीफ़ाइनल राउंड में पहुंचकर इतिहास बनाते दिख रहे हैं.

CWG 2026: 100 मीटर स्प्रिंट के मेगा मुकाबले में पहली ही बार में दिलीप और मोहम्मद बासिल ने रचा इतिहास
CWG 2026: भारतीय बॉक्सर्स ग्लासगो में इतिहास रच रहे हैं

कॉमनवेल्थ गेम्स के सातवें दिन शाम तक ग्लासगो में जब मेडल को लेकर भारतीय फ़ैन्स की बेताबी बढ़ने लगी तब एक घंटे के अंदर ही एथलेटिक्स ग्राउंड पर भारतीय फ़ैन्स को जश्न मनाने के कई मौक़े मिल गए. 100 मीटर की फ़र्राटा दौड़ में महाराष्ट्र के दिलीप गावित और केरल के मोहम्मद बासिल ने एक साथ GOLD और SILVER मेडल पर कब्ज़ा जमाते हुए पैरा एथलीटिक्स में शानदार रिकॉर्ड कायम कर दिया. इससे पहले लॉन्ग जंप में केरल के लिए मुरली श्रीशंकर ने लॉन्ग जंप में लगातार दूसरी बार सिल्वर जीतकर अपना दम दिखा दिया. 

गुरबत से पोडियम का सफ़र- रेस से पहले ही गोल्ड-सिल्वर का दावा! 

100 मीटर की फ़र्राटा एथलीटों की 100मीटर फ़र्राटा दौड़ में जाने से पहले ही कोच वैजनाथ काले और सत्यनारायण ने NDTV से दावा किया कि महाराष्ट्र में नाशिक के दिलीप गावित और केरल के मो. बासिल दोनों ही एक साथ गोल्ड और सिल्वर जीतेंगे. दिलीप ने 10.71 सेकेंड के साथ सबसे पहले फ़िनिश लाइन को पार किया तो 10.83 सेकेंड के साथ मो.बासिल सिल्वर अपने नाम करने में कामयाब रहे.  

बड़ी बात ये भी है कि ये दोनों खिलाड़ी इससे पहले कभी बड़े टूर्नामेंट में 100 मीटर की रेस में नहीं भागे थे. नाशिक में डोंगारी गांव के 22 साल के दिलीप गावित 400 मीटर के चैंपियन रह चुके हैं लेकिन बेहद ग़रीब परिवार से आते हैं. दिलीप के कोच वैजनाथ काले उनके खाने-पीने तक का इंतज़ाम करते रहे हैं. 

कोरल के 20 साल के मो. बासिल ने पिछले ही साल पैरा एथलेटिक्स की दुनिया में कदम रखा और तब से ही हवा से बातें करने लगे हैं. 

मुरली श्रीशंकर ने लगातार दूसरी बार जीता सिल्वर

केरल के पालक्काड के 27 साल के मुरली श्रीशंकर ने कॉमनवेल्थ गेम्स के सातवें दिन भी मेडल टैली को सूखा नहीं पड़ने दिया. एशियन गेम्स और एशियन चैंपियनशिप के सिल्वर मेडल विजेता श्रीशंकर ने लगातार दूसरी बार कॉमनवेल्थ गेम्स में लॉन्ग जंप का सिल्वर मेडल अपने नाम कर लिया. श्रीशंकर ने जमैका के गोल्ड मेडल विजेता तजय गेल से 6 सेंटीमीटर कम 8.09 मीटर लंबी छलांग के साथ सिल्वर मेडल अपने नाम कर लिया. 

पदक राउंड में पहुंचे 6 में से 6 बॉक्सर्स 

भारतीय बॉक्सर्स ग्लासगो में इतिहास रच रहे हैं. सातवें दिन 6 भारतीय बॉक्सर्स रिंग में उतरे और सभी ने सेमीफ़ाइनल में जगह बनाकर पदक पक्का कर लिया. भारत के 14 में से 10 बॉक्सर्स सेमीफ़ाइनल राउंड में पहुंचकर इतिहास बनाते दिख रहे हैं. भारत की ओर से साक्षी, अरुंधती, नरेन्द्र, अंकुश, सचिन और जैस्मिन लैंबोरिया ने बॉक्सिंग रिंग में धमाका कर दिया. सेमीफाइनल मुकाबले शुक्रवार को खेले जाएंगे. 

पदकों की बढ़ेगी संख्या 

ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में तजिंदर सिंह तूर और समरदीप ने शॉटपुट में फाइनल में पहुंचकर पदकों की उम्मीद को कायम रखा है. 

भारत के मेडल: 15 पदक (3 गोल्ड, 9 सिल्वर, 3 ब्रॉन्ज़)
गोल्ड-3
1. मीराबाई चानू- GOLD – वेटलिफ़्टिंग 
2. शर्मिला धनखड़- GOLD- पैरा शॉटपुट
3. दिलीप गावित- GOLD- पैरा 100मीटर- आज 

सिल्वर-9 
4. मो. बासिल- पैरा 100 मीटर- आज
5. मुरली श्रीशंकर- लॉन्ग जंप, एथलेटिक्स- आज*
6. सर्वेश कुशारे- हाई-जंप - एथलेटिक्स 
7. अजय बाबू- वेटलिफ़्टिंग
8. ऋषिकांत सिंह- वेटलिफ़्टिंग
9. राजा मुथापंडी- वेटलिफ़्टिंग
10. ज्ञानेश्वरी यादव- वेटलिफ़्टिंग
11. हरजिंदर कौर- वेटलिफ़्टिंग- आज 
12. गुलवीर सिंह- 10,000मीटर- एथलेटिक्स- आज 

ब्रॉन्ज़-3
13. बिंदियारानी देवी- वेटलिफ़्टिंग
14. झंडू कुमार- पैरा हैवीवेट पावरलिफ़्टिंग
15. शिल्पा शाइला- पैरा शॉटपुट

भारत के 15 मेडल

7 वेटलिफ़्टिंग
1 पैरा पावरलिफ़्टिंग
3 एथलेटिक्स- Long Jump, हाई जंप और 10,000मीटर 
2 पैरा शॉटपुट- एथलेटिक्स (Gold, Bronze)
2 पैरा 100 मीटर- एथलेटिक्स (Gold, Silver)

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Other Sports, Commonwealth Games 2026
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com