Asian Games 2023 October 6: चीन के हांगझाऊ में खेले जा रहे एशियाई खेलों के 13वें दिन शुक्रवार को भारत ने इतिहास रच दिया. और भारत के 101 मेडल कन्फर्म हो गए हैं. दिन की समप्ति पर हॉकी टीम के स्वर्ण के साथ ही भारत के 95 पदक हो गए हैं और धीरे-धीरे दल पदकों के शतक की ओर बढ़ रहा है. हॉकी में भारत ने जापान को फाइनल मुकाबले में 5-1 से हराकर 9 साल बाद गोल्ड मेडल अपने नाम किया, तो वहीं बैडमिंटन में पुरुषों के डबल्स में सात्विक और चिराग ने भी इतिहास रच दिया. ये दोनों खेलों के इतिहास में डबल्स के फाइनल में पहुंचने वाली भारत की पहली जोड़ी बन गई है.कुल मिलाकर यहां से तीरंदाजी में तीन, कबड्डी में दो, बैडमिंटन में एक, क्रिकेट में एक पदक और सुनिश्चित हो गया है.
यहां देखें मेडल टैली
भारतीय पहलवान अमन ने पुरुषों की 57 किग्रा फ्रीस्टाइल में चीन के मिंगु लियू को 11-0 से हराकर कांस्य पदक जीता. अमन ने तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर चीन के मिंगु लियू को हराया. महिलाओं की फ्रीस्टाइल 76 किग्रा कुश्ती में भारत की किरण ने थाईलैंड की अरिउंजरगल गनबत को 6-3 से हराकर कांस्य पदक जीता. सोनम ने महिलाओं के फ्रीस्टाइल 62 किग्रा कांस्य पदक मैच में चीन की जिया लॉन्ग को हराकर पदक अपने नाम किया. भारत के अतामु, धीरज और तुषार की पुरुष रिकर्व टीम के फाइनल में हारे और उन्हें सिल्वर से संतोष करना पड़ा. सेपक टकरा में भारतीय टीम को कांस्य पदक मिला है. भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने सेमीफाइनल में पाकिस्तान को 61-14 से हरा दिया. भारत के एचएस प्रणय एशियाई खेलों की पुरुष एकल स्पर्धा के सेमीफाइनल में चीन के ली शीफेंग से हार गए और उन्हें कांस्य से संतोष करना पड़ा. वहीं, भारतीय महिला कबड्डी टीम ने एशियाई खेलों के सेमीफाइनल में नेपाल को 61-17 से हराकर कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया है. भारत की अंकिता भकत, भजन कौर और सिमरनजीत कौर अब महिला रिकर्व टीम स्पर्धा के सेमीफाइनल में पहुंच गई है.