विज्ञापन
This Article is From Aug 22, 2016

मुंबई : चमड़े का बैग रखे शख्स को धमकाया, कोर्ट की इजाजत पर मामला दर्ज

मुंबई : चमड़े का बैग रखे शख्स को धमकाया, कोर्ट की इजाजत पर मामला दर्ज
प्रतीकात्मक फोटो
  • कथित गौरक्षकों को शक था कि उसका थैला गाय के चमड़े का है
  • अंधेरी इलाके की घटना, पीड़ित ने फेसबुक पर साझा किया मामला
  • डराने-धमकाने और गाली-गलौच करने का मामला दर्ज किया गया
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
मुंबई: स्वघोषित गौरक्षकों की एक शख्स को कथित धमकी के खिलाफ मुंबई पुलिस ने खुद कोर्ट की इजाजत लेकर एफआईआर दर्ज कर ली है. आरोप है कि चमड़े का एक थैला लेकर ऑटो से जा रहे 24 साल के एक शख्स को कुछ लोगों ने महज इस बात के लिए धमकाया कि उन्हें शक था कि उसका थैला गाय के चमड़े से बना है.

एक निजी कंपनी में क्रिएटिव निदेशक पीड़ित शख्स ने 19 अगस्त को अपने साथ हुई कथित ज्यादती की कहानी फेसबुक पर साझा की थी. अपने पोस्ट में उसने बताया था कि कैसे उसकी कद काठी पर मुंबई के अंधेरी इलाके में ऑटो ड्राइवर ने उसे शक से देखा फिर ट्रैफिक सिग्नल पर ऑटो रोका और उसके चमड़े के थैले को देखने लगा. उसने सवाल-जवाब किए और एक मंदिर पर गाड़ी रोक दी. उसने वहां तीन लोगों को बुलाया और सब मिलकर उसे धमकाने लगे, लेकिन बाद में नाम सुनकर छोड़ दिया. पीड़ित के मुताबिक धमकाने के बाद ऑटो जैसे ही चला वह अगले सिग्नल पर ऑटो से उतर गया. उसका नंबर नोट किया और बाद में पुलिस स्टेशन में गैर संज्ञेय अपराध दर्ज कराया. हालांकि कोर्ट से आदेश मिलने के बाद मामले में एफआईआर दर्ज हो गई है.

इस मामले में मुंबई पुलिस के प्रवक्ता डीसीपी अशोक दुधे ने कहा कि 19 अगस्त को मामला दर्ज हुआ है. स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर रही है. दुधे के मुताबिक ''न्यायालय के आदेश के बाद हमने मामला दर्ज कर सबूत जुटाने शुरू कर दिए हैं.''
     
बीजेपी के राज में कथित गौरक्षकों की त्योरियां चढ़ी होने की ढेरों खबरें आ रही हैं, लेकिन प्रधानमंत्री की टिप्पणी के बाद लगता है कि राज्य सरकारों ने इन लोगों के खिलाफ सुर बदल दिए हैं.  मुंबई पुलिस ने सभी थानों से कह दिया है कि ऐसे मामले में शिकायत मिलने पर फौरन कार्रवाई करें. फेसबुक पर टिप्पणी के बाद मामले के कथित पीड़ित ने मीडिया से दूरी बना ली है लेकिन पुलिस ने धारा 504 और 506, यानी डराने-धमकाने और गाली-गलौच करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
गौरक्षक, मुंबई, धमकाया, चमड़े से बना बैग, अंधेरी, मुंबई पुलिस, Mumbai, Andheri, Leather Bag, Threatened, Facebook, Mumbai Police
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com